पति के आरोपों पर मंत्री का पलटवार, 210 करोड़ की कथित संपत्ति की जांच की मांग से गरमाया विवाद
देहरादून। उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या और उनके पति गिरधारी लाल साहू के बीच चल रहा विवाद अब खुलकर सामने आ गया है। पति की ओर से कथित ऑडियो को एआई से तैयार बताए जाने पर रेखा आर्या ने अपने इष्ट देव गोल्ज्यू देवता की कसम खाकर उसे पूरी तरह सच बताया है। अस्पताल में भर्ती मंत्री ने साफ कहा कि ऑडियो में कोई बनावट या मिलावट नहीं है। उधर, गिरधारी लाल साहू ने मंत्री पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए उनकी कथित 210 करोड़ रुपये की संपत्ति की जांच कराने की मांग कर दी है।
शनिवार को मीडिया से बातचीत में रेखा आर्या ने कहा कि उन्होंने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया है कि शादी से पहले उन्हें अपने पति के पूर्व विवाहित होने की जानकारी नहीं थी। उनके अनुसार, बच्चों के होने के बाद उन्हें इस बात का पता चला। उन्होंने रिंकू को अपने पति का बेटा बताया और कहा कि उनके पति ऑडियो में जिस तरह की बातचीत का जिक्र कर रहे हैं, वैसा संवाद उन्हें याद नहीं है।
‘ऑडियो में कोई बनावट और मिलावट नहीं’
कथित ऑडियो की सत्यता पर सवाल उठाए जाने के बाद रेखा आर्या ने कहा, “मैं अपने इष्ट देव भगवान गोल्ज्यू की कसम खाती हूं कि जो ऑडियो मैंने प्ले किया, वह सौ प्रतिशत सच है। उसमें कोई बनावट और मिलावट नहीं है। वह एआई से बना वीडियो नहीं है।”
मंत्री के इस बयान ने विवाद को और तूल दे दिया है। एक ओर वह अपने आरोपों पर कायम हैं, तो दूसरी ओर उनके पति कथित ऑडियो की प्रामाणिकता पर सवाल उठा रहे हैं।
मारपीट और धमकी के आरोप, कैंट थाने में प्राथमिकी
रेखा आर्या ने अपने पति पर उत्पीड़न, मारपीट, जातिसूचक टिप्पणी और जान से मारने की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। इस संबंध में देहरादून के कैंट थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। मामला सामने आने के बाद दोनों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला तेज हो गया है।
पति ने मुख्यमंत्री से मांगी जांच
गिरधारी लाल साहू ने वीडियो जारी कर मंत्री पर पलटवार किया। उन्होंने उनकी कथित 210 करोड़ रुपये की संपत्ति की जांच कराने की मांग करते हुए मुख्यमंत्री से मामले की पड़ताल कराने की अपील की। साहू ने मंत्री की ओर से साझा किए गए कथित ऑडियो को एआई से तैयार होने का दावा भी किया है।
फिलहाल, दोनों पक्ष एक-दूसरे के आरोपों पर सवाल उठा रहे हैं। ऑडियो की प्रामाणिकता और संपत्ति से जुड़े आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है। मामले में आगे की पुलिस जांच और कानूनी कार्रवाई पर नजर बनी हुई है।

