सुबह-शाम ठिठुरन बढ़ाएगा मौसम, हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में भी कोहरे का अलर्ट, प्रभावित हो सकती है दृश्यता
देहरादून। उत्तराखंड में मौसम का मिजाज अब धीरे-धीरे सर्द होने लगा है। बारिश और बर्फबारी के अभाव के बीच प्रदेश में सूखी ठंड का असर बढ़ने लगा है। आने वाले दिनों में पहाड़ से लेकर मैदान तक कोहरा लोगों की परेशानी बढ़ा सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र ने पर्वतीय जिलों के साथ मैदानी जिले हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में भी कोहरा छाने की संभावना जताई है। इससे सुबह और देर रात ठिठुरन बढ़ने के साथ ही सड़कों पर दृश्यता भी प्रभावित हो सकती है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, प्रदेश में 29 नवंबर से दो दिसंबर तक मौसम शुष्क बना रहेगा। इस दौरान बारिश की कोई संभावना नहीं है। मौसम के शुष्क रहने से दिन में धूप खिलने के बावजूद सुबह और शाम के तापमान में ठंड का एहसास बना रहेगा। खासकर रात के समय तापमान में गिरावट से सूखी ठंड लोगों को परेशान कर सकती है।

कोहरे से यातायात पर भी पड़ सकता है असर
मैदानी क्षेत्रों में सुबह के समय कोहरा छाने से सड़क और अन्य यातायात प्रभावित होने की आशंका है। वहीं, पर्वतीय इलाकों में भी कोहरे के चलते ठंड का असर बढ़ सकता है। मौसम के इस बदले मिजाज के बीच सुबह जल्दी और देर रात सफर करने वाले लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है। फिलहाल प्रदेशवासियों को बारिश के लिए इंतजार करना पड़ेगा, क्योंकि मौसम विभाग ने दो दिसंबर तक मौसम शुष्क रहने का पूर्वानुमान जताया है।

