सरस मेले में महिलाओं ने रैंप पर बिखेरा जलवा, पारंपरिक पहाड़ी परिधानों से लेकर आधुनिक फैशन तक दिखी हुनर की झलक

खबर शेयर करें

स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने खुद संभाली मॉडलिंग की कमान, आकर्षक फैशन शो ने दर्शकों का जीता दिल, 250 स्टॉलों पर देशभर के उत्पाद बने मेले की रौनक

हल्द्वानी। सरस आजीविका मेला-2026 में शुक्रवार को ग्रामीण महिलाओं के हुनर, आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता का अनूठा संगम देखने को मिला। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM) के अंतर्गत स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार उत्पादों पर आधारित भव्य फैशन शो मेले के चौथे दिन का मुख्य आकर्षण रहा। खास बात यह रही कि जिन महिलाओं ने इन उत्पादों को अपने हाथों से तैयार किया, उन्होंने खुद मॉडल बनकर रैंप पर उतरते हुए अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। महिलाओं की इस प्रस्तुति ने दर्शकों को तालियां बजाने पर मजबूर कर दिया।

फैशन शो में स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार पारंपरिक कुमाऊनी परिधानों, हथकरघा वस्त्रों, हस्तशिल्प आभूषणों, शॉल, स्टोल, बैग और आधुनिक डिजाइन के उत्पादों को आकर्षक अंदाज में प्रदर्शित किया गया। पारंपरिक कुमाऊनी ऐपण डिजाइन, ऊनी वस्त्र, हाथ से बुने शॉल, जूट एवं कपड़े के बैग तथा मोती और धागों से बने आभूषणों ने रैंप पर पहाड़ी संस्कृति और आधुनिक फैशन का खूबसूरत मेल प्रस्तुत किया।

घर की चारदीवारी से रैंप तक पहुंचीं महिलाएं, आत्मविश्वास ने जीता दिल

फैशन शो की सबसे खास बात महिलाओं का आत्मविश्वास रहा। कविता ऐडी ने रेशमी साड़ी, पिछौड़ा, टोपी और ज्वेलरी का प्रदर्शन किया, जबकि प्रियंका गोस्वामी ने कुमाऊनी ऐपण साड़ी, भावना मेहरा ने वूलन फ्लावर, राधा बिष्ट ने जूट, कॉटन एवं मैक्रेमे बैग और किरण जोशी ने पैड एवं रेशम से तैयार उत्पादों को प्रस्तुत किया।

इसी क्रम में बचूली देवी ने रिंगाल की टोकरी, कंचन कंनवाल ने हस्तनिर्मित कैंडल, मंजू विश्वकर्मा ने कोशिया टॉप एवं मफलर, श्रेया तिवारी ने पिछौड़ा साड़ी और भावना ने सनील लहंगा एवं हाथ से बने पिछौड़े का प्रदर्शन किया।

इन महिलाओं ने साबित कर दिया कि हुनर और मेहनत के दम पर ग्रामीण महिलाएं भी फैशन और बाजार की दुनिया में अपनी अलग पहचान बना सकती हैं। उनकी प्रस्तुति ने न केवल दर्शकों को आकर्षित किया, बल्कि महिला सशक्तिकरण की एक प्रेरक तस्वीर भी पेश की।

यह भी पढ़ें 👉  Haldwani: काठगोदाम–मुंबई सेंट्रल स्पेशल ट्रेन की अवधि बढ़ी, अप्रैल भर चलेगी सेवा

समूहों के उत्पाद किसी बड़े ब्रांड से कम नहीं : सीडीओ

कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे ने कहा कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन का उद्देश्य केवल महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना नहीं, बल्कि उनके आत्मविश्वास, कौशल और सामाजिक पहचान को भी मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि फैशन शो इस बात का प्रमाण है कि स्वयं सहायता समूहों के उत्पाद किसी भी बड़े ब्रांड से कम नहीं हैं। जरूरत सिर्फ उन्हें सही मंच और बाजार उपलब्ध कराने की है।

परियोजना निदेशक शिल्पी पंत ने कहा कि फैशन शो के माध्यम से समूहों के उत्पादों को एक नया बाजार मिलेगा और इससे ग्रामीण महिलाओं की आय बढ़ाने में मदद मिलेगी। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे स्वयं सहायता समूहों के उत्पाद खरीदकर महिलाओं के हुनर और मेहनत को प्रोत्साहित करें।

लोकगीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

फैशन शो के दौरान लोक संगीत और आधुनिक धुनों पर रैंप वॉक ने कार्यक्रम को और भी आकर्षक बना दिया। वहीं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में सुप्रसिद्ध कुमाऊंनी लोकगायक गोपाल बाबू गोस्वामी के पुत्र अमित बाबू गोस्वामी ने अपनी प्रस्तुति से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उन्होंने लोकप्रिय कुमाऊंनी गीत ‘जय मैया दुर्गा भवानी जय मैया’ और ‘कैले बाजै मुरली उचै निचै डानौ मां’ की शानदार प्रस्तुति दी।

यह भी पढ़ें 👉  Uttarakhand: धामी कैबिनेट की बैठक आज, रिवर राफ्टिंग-क्याकिंग नियमावली समेत कई अहम प्रस्तावों पर लग सकती है मुहर

इसके अलावा सेंट पॉल स्कूल के विद्यार्थियों ने गणेश वंदना, झोड़ा नृत्य और गायन की मनमोहक प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में सांस्कृतिक रंग भर दिए।

250 स्टॉलों पर देशभर के उत्पादों की धूम

सरस आजीविका मेले में देशभर से पहुंचे स्वयं सहायता समूहों और उद्यमियों के करीब 250 स्टॉल लगाए गए हैं। इन स्टॉलों पर हस्तशिल्प, हथकरघा, पहाड़ी उत्पाद, स्थानीय व्यंजन और पारंपरिक कलाकृतियों की प्रदर्शनी एवं बिक्री जारी है। मेले में बड़ी संख्या में पहुंच रहे लोग स्थानीय उत्पादों की खरीदारी के साथ देश के विभिन्न राज्यों की कला और संस्कृति से भी रूबरू हो रहे हैं।

कार्यक्रम में परियोजना निदेशक शिल्पी पंत, जिला सहायक परियोजना अधिकारी चंद्रा फर्त्याल, जिला विकास अधिकारी संतोष पंत, महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र पल्लवी गुप्ता सहित अन्य अधिकारी, स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं और बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page