बिंदुखत्ता और बापूग्राम समेत वन क्षेत्रों में बसी आबादी को राहत की उम्मीद, हरिद्वार में बनेंगे तीन पीआरटी कॉरिडोर, लैंड यूज परिवर्तन की दरों में 25 प्रतिशत की कटौती
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में प्रदेश के विकास, कर्मचारियों के हितों और जनसुविधाओं से जुड़े 23 प्रस्तावों पर मुहर लगाई गई। बैठक में आशा कार्यकर्ताओं के मासिक मानदेय में 1700 रुपये की वृद्धि, वन आरक्षी की अधिकतम आयु सीमा बढ़ाने, हरिद्वार में तीन पर्सनल रैपिड ट्रांजिट (पीआरटी) कॉरिडोर बनाने और भूमि उपयोग परिवर्तन की दरों में करीब 25 प्रतिशत की कमी करने जैसे महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। इसके अलावा बापूग्राम, बिंदुखत्ता सहित वन क्षेत्रों में बसी आबादी को डी-नोटिफाई करने के मामले में भी सैद्धांतिक सहमति दी गई।
आशा कार्यकर्ताओं को राहत, मानदेय में 1700 रुपये की वृद्धि
कैबिनेट ने आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में 1700 रुपये प्रतिमाह की वृद्धि को मंजूरी दी है। वर्तमान में उन्हें 8300 रुपये मासिक मानदेय मिलता है। वहीं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय में वृद्धि के प्रस्ताव पर निर्णय लेने के लिए मुख्यमंत्री को अधिकृत किया गया है। सफाई कर्मचारी आयोग में उपाध्यक्ष का एक अतिरिक्त पद सृजित करने को भी मंजूरी दी गई।
श्रम विभाग के तहत असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के कल्याण के लिए सामाजिक सुरक्षा कोष का गठन किया जाएगा। इसका उद्देश्य असंगठित क्षेत्र में काम करने वाले कर्मकारों को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना है।
वन आरक्षी की आयु सीमा 28 वर्ष
युवाओं के हित में कैबिनेट ने वन आरक्षी भर्ती के लिए अधिकतम आयु सीमा 25 वर्ष से बढ़ाकर 28 वर्ष करने का निर्णय लिया है। यह छूट 31 दिसंबर 2028 तक प्रभावी रहेगी। वहीं राजकीय मेडिकल कॉलेजों में पीजी करने वाले डॉक्टरों के लिए दो वर्ष का अनिवार्य सेवा अनुबंध लागू किया जाएगा।
कर्मचारी राज्य बीमा योजना के तहत उत्तराखंड फार्मा संवर्ग में संशोधन को मंजूरी दी गई है। अब डी फार्मा के साथ बी फार्मा योग्यता रखने वाले अभ्यर्थी भी आवेदन कर सकेंगे। उत्तराखंड एक्सरे प्राविधिक सेवा संशोधन नियमावली को भी स्वीकृति दी गई है।
चीनी मिलों को 207.75 करोड़ की बैंक गारंटी
चीनी मिलों को ऋण लेने की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए सरकार 207.75 करोड़ रुपये की बैंक गारंटी देगी। इसके अलावा आबकारी विभाग में उप आबकारी आयुक्त के पांच और सहायक आबकारी आयुक्त के छह नए पद सृजित किए जाएंगे। सेतु आयोग में आईटी से संबंधित पदों के सृजन को भी मंजूरी दी गई है।
खनन विभाग के तहत जिला खनिज फाउंडेशन न्यास की शुल्क दर पांच प्रतिशत से बढ़ाकर 15 प्रतिशत कर दी गई है। हालांकि खनन की रॉयल्टी दरों में कोई वृद्धि नहीं की गई है।
हरिद्वार में बनेंगे तीन पीआरटी कॉरिडोर
शहरी यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए हरिद्वार में कुल 21.08 किलोमीटर लंबाई के तीन पर्सनल रैपिड ट्रांजिट (पीआरटी) कॉरिडोर बनाए जाएंगे। इनमें कुल 21 स्टेशन प्रस्तावित हैं। पहले कॉरिडोर की लंबाई 15 किलोमीटर होगी, जो सीतापुर से भारत माता मंदिर तक बनेगा। इससे शहर में यातायात का दबाव कम होने और जाम की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।
कैबिनेट ने भवन निर्माण और बिल्डिंग बायलॉज के प्रावधानों में शिथिलता देने का भी निर्णय लिया है। इसके लिए प्राधिकरण, यूडीए और शासन स्तर पर अनुमति की व्यवस्था की जाएगी। वहीं राज्य में लैंड यूज परिवर्तन की दरों में करीब 25 प्रतिशत की कमी की गई है।
बापूग्राम और बिंदुखत्ता की आबादी को राहत की उम्मीद
बैठक में बापूग्राम की 594 एकड़ आरक्षित वन भूमि सहित बिंदुखत्ता और अन्य वन क्षेत्रों में बसी आबादी को डी-नोटिफाई करने के मामले में सैद्धांतिक सहमति दी गई। सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के क्रम में अब राज्य सरकार इस संबंध में केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजेगी। इस फैसले से लंबे समय से वन भूमि पर बसी आबादी के नियमितीकरण और मालिकाना हक से जुड़ी उम्मीदें बढ़ी हैं।
ग्रामीण पेयजल योजनाओं के रखरखाव पर फैसला
कैबिनेट ने उत्तराखंड ग्रामीण पेयजल योजनाओं के संचालन और रखरखाव से जुड़े प्रस्ताव को भी मंजूरी दी है। उत्तराखंड में कार्य नहीं करने के कारण एनएचआईडीसीएल को सूचीबद्धता से हटाने का निर्णय लिया गया। पंचम विधानसभा के सत्र का सत्रावसान करने के प्रस्ताव को भी स्वीकृति दी गई।
इसके अलावा उत्तराखंड महाधिवक्ता सेवा अधिष्ठान कर्मचारी सेवा नियमावली को मंजूरी दी गई है। उत्तराखंड अधीनस्थ राजस्व कार्यपालक नियमावली तैयार करने के लिए मंत्रिमंडल उपसमिति गठित की गई है। समिति की संस्तुतियों के आधार पर इस संबंध में अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
कैबिनेट के इन फैसलों को प्रदेश में कर्मचारियों के कल्याण, शहरी यातायात सुधार, निवेश और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

