Haldwani: क्या हम अपने बच्चों को ऐसे बेड पर रखेंगे?…डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल की बदहाली देख भड़के डीएम, औचक छापे से मचा हड़कंप

खबर शेयर करें

हल्द्वानी। प्रदेश के प्रमुख सरकारी अस्पतालों में शुमार डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय की व्यवस्थाओं का जायजा लेने गुरुवार को जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल अचानक पहुंच गए। डीएम के औचक निरीक्षण से अस्पताल प्रशासन में खलबली मच गई। लेकिन अस्पताल की हालत देखकर जिलाधिकारी खुद नाराज हो उठे। कहीं गंदगी, कहीं टूटे शीशे तो कहीं बदहाल रैन बसेरे की तस्वीर सामने आई। अव्यवस्थाओं पर उन्होंने अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई।

निरीक्षण के दौरान रैन बसेरे और मरीजों के बेड की स्थिति देखकर डीएम ने अधिकारियों से तीखा सवाल किया— “क्या हम अपने बच्चों को ऐसे बेड पर रखेंगे?” उनका यह सवाल अस्पताल की व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर गया। उन्होंने कहा कि सर्दियों का मौसम शुरू हो चुका है। ऐसे में मरीजों और उनके तीमारदारों को ठंड से बचाने की जिम्मेदारी किसकी होगी?

यह भी पढ़ें 👉  राशिफल 4 मई 2026

टूटे शीशे और गंदगी देख नाराज हुए डीएम

अस्पताल के निरीक्षण में कई जगह शीशे टूटे मिले। रैन बसेरे की स्थिति भी संतोषजनक नहीं थी। जिलाधिकारी ने कहा कि मरीज पहले ही बीमारी से जूझ रहे होते हैं, ऐसे में गंदगी और अव्यवस्था से संक्रमण का खतरा और बढ़ सकता है। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को सफाई, सुरक्षा और बुनियादी सुविधाएं तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

“बाहर से दवा लिखना बंद करें”, गरीब मरीजों को राहत देने पर जोर

डीएम ने चिकित्सकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मरीजों को जेनेरिक दवाएं लिखी जाएं और अस्पताल के बाहर से दवाएं मंगाने की व्यवस्था बंद की जाए। उपचार में अस्पताल में उपलब्ध दवाओं का ही उपयोग सुनिश्चित करने को कहा, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को अनावश्यक खर्च न उठाना पड़े।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी: नगर निगम के संपत्ति कर नोटिस पर भड़के ट्रांसपोर्ट व्यापारी, जोरदार प्रदर्शन किया

वार्डों में पहुंचे डीएम, मरीजों से पूछा- इलाज कैसा मिल रहा है?

जिलाधिकारी ने बाल रोग, महिला, गायनी, जनरल और सर्जरी वार्ड सहित विभिन्न वार्डों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने भर्ती मरीजों से सीधे बातचीत कर उनके उपचार और अस्पताल में मिल रही सुविधाओं का फीडबैक लिया।

सर्दी को देखते हुए अस्पताल के कमरों में लाइट और हीटर की व्यवस्था शीघ्र करने के निर्देश दिए। जिन कमरों में नमी है, उन्हें भी जल्द ठीक कराने को कहा, ताकि मरीजों को ठंड और सीलन से परेशानी न हो।

यह भी पढ़ें 👉  अमेरिका में 43 करोड़ रुपये में ‘गोल्ड कार्ड’, डोनाल्ड ट्रंप ने लॉन्च किया EB-5 वीजा का नया पोर्टल

सफाई में लापरवाही मिली तो ठेकेदार का लाइसेंस भी जा सकता है

अस्पताल की सफाई व्यवस्था को लेकर जिलाधिकारी ने आउटसोर्स सफाई ठेकेदार को भी सख्त चेतावनी दी। उन्होंने शौचालयों, बाथरूम, फर्श और पूरे परिसर में मानकों के अनुरूप सफाई सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही स्पष्ट किया कि नियमों का पालन नहीं होने पर संबंधित ठेकेदारों का लाइसेंस रद्द या निलंबित करने की कार्रवाई की जा सकती है।

डीएम ने बताया कि राज्य सरकार के निर्देशों के अनुपालन की जांच के लिए जल्द ही एक टीम अस्पताल का निरीक्षण करेगी। निरीक्षण के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी, पीएमएस डॉ. अजय आर्य, एमएस डॉ. अरुण जोशी सहित चिकित्सक मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page