धामी सरकार ने जारी किया पांच साल का रिपोर्ट कार्ड, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार से लेकर सड़क, रेल और पर्यटन तक गिनाईं उपलब्धियां
देहरादून। उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य सरकार के पांच वर्षों के कार्यों का रिपोर्ट कार्ड जारी करते हुए विकास और जनकल्याण से जुड़ी उपलब्धियों का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया। देहरादून के आईएसबीटी स्थित एक निजी होटल में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और केंद्र एवं राज्य सरकार के बेहतर समन्वय से उत्तराखंड ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। सरकार का लक्ष्य वर्ष 2047 तक विकसित, आत्मनिर्भर और समृद्ध उत्तराखंड का निर्माण करना है।
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि सरकार ने योजनाएं बनाने के साथ ही उनके प्रभावी क्रियान्वयन और लाभ आम जनता तक पहुंचाने पर विशेष ध्यान दिया है। रोजगार, महिला सशक्तीकरण, किसान कल्याण, स्वास्थ्य, शिक्षा, निवेश, पर्यटन और बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में हुए कार्यों को उन्होंने सरकार की प्रमुख उपलब्धियां बताया।
36 हजार से अधिक युवाओं को मिली सरकारी नौकरी
रोजगार के मोर्चे पर मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले पांच वर्षों में 36 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां प्रदान की गई हैं। मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन एवं वैश्विक रोजगार योजना के तहत जर्मन और जापानी भाषा प्रशिक्षण के लिए 158 केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। अक्टूबर 2026 तक 106 युवाओं को विदेश में रोजगार मिला है। वहीं, मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना के पहले चरण में 11 हजार छात्र-छात्राओं को निशुल्क ऑनलाइन कोचिंग से जोड़ने की प्रक्रिया जारी है।
शिक्षा के क्षेत्र में उत्तराखंड राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 लागू करने वाला देश का पहला राज्य बना है। प्रदेश में 21 हजार से अधिक विद्यार्थियों को विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं का लाभ मिल रहा है। राज्य को देश का छठा पूर्ण साक्षर राज्य बनने की उपलब्धि भी हासिल हुई है।
3.10 लाख महिलाएं बनीं लखपति दीदी
महिला सशक्तीकरण को लेकर मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में अब तक 3.10 लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण दिया गया है। महिला स्वयं सहायता समूहों को पांच लाख रुपये तक का ब्याजमुक्त ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है।
उत्तराखंड राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत 5.19 लाख से अधिक महिलाओं को संगठित कर 70,767 स्वयं सहायता समूह बनाए गए हैं। नंदा गौरा योजना के तहत बेटी के जन्म पर 11 हजार और 12वीं पास करने पर 51 हजार रुपये की सहायता दी जा रही है। अक्टूबर 2026 तक चार लाख से अधिक बेटियों को इसका लाभ मिल चुका है।
किसानों को तीन लाख तक ब्याजमुक्त ऋण
किसान कल्याण के तहत किसानों को तीन लाख रुपये तक का ब्याजमुक्त ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के अंतर्गत आठ लाख से अधिक किसानों के खातों में तीन हजार करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि हस्तांतरित की गई है। मंडुआ की खरीद के लिए 5,200 रुपये प्रति कुंतल की दर निर्धारित की गई है।
पर्वतीय क्षेत्रों में खेती को बढ़ावा देने के लिए पॉलीहाउस निर्माण पर 200 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। एप्पल, कीवी और ड्रैगन फ्रूट मिशन के साथ सुगंधित फसलों की खेती को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है।
एक लाख करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्ताव धरातल पर
औद्योगिक विकास को लेकर मुख्यमंत्री ने बताया कि दिसंबर 2023 में आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में 3.56 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले थे। इनमें से एक लाख करोड़ रुपये से अधिक के प्रस्ताव धरातल पर उतर चुके हैं। निवेश को प्रोत्साहित करने के लिए 30 से अधिक नई नीतियां बनाई गई हैं।
नीति आयोग के एसडीजी इंडेक्स 2023-24 में उत्तराखंड को पहला स्थान मिला है। ईज ऑफ डूइंग बिजनेस में राज्य टॉप अचीवर्स और स्टार्टअप इकोसिस्टम में लीडर्स श्रेणी में शामिल हुआ है।
स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार, 63 लाख से अधिक आयुष्मान कार्ड
स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि अटल आयुष्मान योजना के तहत 63.32 लाख आयुष्मान कार्ड बनाए गए हैं। सितंबर 2026 तक 17.36 लाख से अधिक मरीजों को 3,717 करोड़ रुपये से अधिक का कैशलेस उपचार उपलब्ध कराया गया है।
प्रदेश में छह राजकीय मेडिकल कॉलेज संचालित हैं, जिनमें तीन पिछले पांच वर्षों में शुरू हुए हैं। किच्छा में एम्स के सैटेलाइट सेंटर का निर्माण अंतिम चरण में है, जबकि हल्द्वानी में कैंसर संस्थान का निर्माण कार्य जारी है। प्रदेश में 207 प्रकार की पैथोलॉजी जांच निशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं।
यूसीसी लागू करने वाला देश का पहला राज्य बना उत्तराखंड
सुशासन और कानून व्यवस्था के मोर्चे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड आजादी के बाद समान नागरिक संहिता लागू करने वाला देश का पहला राज्य बना है। प्रदेश में 27 जनवरी 2025 से यूसीसी लागू है। भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता के लिए सख्त नकल विरोधी कानून बनाया गया है। गंभीर मामलों में आजीवन कारावास और 10 करोड़ रुपये तक जुर्माने का प्रावधान किया गया है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में सख्त भू-कानून लागू करते हुए 11 जनपदों में बाहरी व्यक्तियों द्वारा कृषि एवं बागवानी भूमि की खरीद पर प्रतिबंध लगाया गया है। अतिक्रमण के विरुद्ध कार्रवाई में 13 हजार एकड़ से अधिक भूमि अतिक्रमणमुक्त कराई गई है। अपणि सरकार पोर्टल के माध्यम से 900 से अधिक सरकारी सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध हैं।
सड़क, रेल और हवाई कनेक्टिविटी को मिली रफ्तार
बुनियादी ढांचे के विकास पर मुख्यमंत्री ने बताया कि करीब 12 हजार करोड़ रुपये की लागत से दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर का निर्माण पूरा हुआ है। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना का लगभग 75 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। प्रदेश में करीब 39 हजार करोड़ रुपये की रेल परियोजनाओं पर काम चल रहा है।
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तीन चरणों में 11,595 करोड़ रुपये की लागत से 2,826 सड़कों का निर्माण कर 21,915 किलोमीटर का सड़क नेटवर्क विकसित किया गया है। देहरादून-मसूरी रोपवे का निर्माण जारी है। केदारनाथ और हेमकुंड साहिब रोपवे परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया है।
चारधाम यात्रा में 65 लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंचे
पर्यटन को राज्य की अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष चारधाम यात्रा में 65 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। शीतकालीन यात्रा को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। मानसखंड मंदिर माला मिशन के तहत 48 मंदिरों का विकास किया जा रहा है।
प्रदेश की 83 पर्वत चोटियों को पर्वतारोहण के लिए खोला गया है और 100 ट्रैकिंग एवं हाइकिंग रूट चिह्नित किए गए हैं। ऋषिकेश में 100 करोड़ रुपये की लागत से राफ्टिंग बेस स्टेशन विकसित किया जा रहा है। कुंभ मेला-2027 के लिए 500 करोड़ रुपये से अधिक की व्यवस्था की गई है।
जलविद्युत और पेयजल परियोजनाओं पर जोर
ऊर्जा क्षेत्र में टिहरी की एक हजार मेगावाट क्षमता वाली वेरिएबल स्पीड पंप्ड स्टोरेज परियोजना की चारों इकाइयों ने वाणिज्यिक उत्पादन शुरू कर दिया है। व्यासी जलविद्युत परियोजना से 120 मेगावाट बिजली का उत्पादन हो रहा है। मुख्यमंत्री सौर स्वरोजगार योजना के तहत 1,132 सौर संयंत्र स्थापित किए गए हैं।
जल जीवन मिशन के तहत 15,540 योजनाएं पूरी हो चुकी हैं और 14.20 लाख ग्रामीण परिवारों को पेयजल कनेक्शन उपलब्ध कराए गए हैं।
आपदा प्रबंधन और खेलों में भी गिनाईं उपलब्धियां
मुख्यमंत्री ने सिलक्यारा सुरंग में फंसे 41 श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालने, वर्ष 2024 में केदारनाथ क्षेत्र से 15 हजार से अधिक लोगों के रेस्क्यू और अगस्त 2025 में थराली व हर्षिल में राहत एवं बचाव कार्यों को आपदा प्रबंधन की बड़ी उपलब्धियां बताया।
खेलों के क्षेत्र में 38वें राष्ट्रीय खेलों के सफल आयोजन और उत्तराखंड के खिलाड़ियों द्वारा 103 पदक जीतने का उल्लेख किया। प्रदेश के आठ शहरों में 23 खेल अकादमियां संचालित हैं, जहां प्रतिवर्ष 920 खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने का संकल्प
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य आंदोलनकारियों और उनके आश्रितों को सरकारी सेवाओं में 10 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण दिया गया है। अग्निवीरों के कल्याण के लिए अग्निवीर सेल का गठन किया गया है। कोविड काल में प्रभावित परिवारों, पर्यटन, परिवहन, चिकित्सा और महिला स्वयं सहायता समूहों को भी आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई।
कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा, डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, तीरथ सिंह रावत, त्रिवेंद्र सिंह रावत, राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट सहित मंत्री, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने दोहराया कि सरकार का संकल्प उत्तराखंड को विकसित, आत्मनिर्भर और समृद्ध राज्य बनाना है। इसके लिए युवाओं, महिलाओं, किसानों और कमजोर वर्गों के लिए नए अवसर सृजित करने के साथ विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जाएगा।

