मणिकांत मिश्रा को फिर मिली ऊधमसिंह नगर की कमान, अर्पण यदुवंशी बने नैनीताल के नए एसएसपी, मंजूनाथ टीसी को 31वीं वाहिनी पीएसी भेजा
देहरादून। उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव से पहले सरकार ने प्रशासनिक और पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल किया है। शासन ने 12 आईएएस अधिकारियों, एक आईपीएस अधिकारी, दो पीसीएस अधिकारियों और सचिवालय सेवा के दो अधिकारियों के विभागों में बदलाव किया है। इसके साथ ही पुलिस विभाग में 17 अधिकारियों के तबादले कर उन्हें नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इस फेरबदल में कई जिलों के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों के साथ शासन के महत्वपूर्ण विभागों में भी बदलाव किया गया है।
कार्मिक विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार प्रमुख सचिव एल फैनई को उनके वर्तमान विभागों के साथ आबकारी विभाग की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है। सचिव दिलीप जावलकर से वित्त विभाग वापस ले लिया गया है, जबकि निर्वाचन और जलागम विभाग उनके पास यथावत रहेंगे। आईएएस रणजीत सिंह से तकनीकी शिक्षा विभाग हटाकर उन्हें आयुष एवं आयुष शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी दी गई है।
आईएएस बृजेश कुमार संत से औद्योगिक विकास, खनन और आबकारी विभाग हटाकर खेल एवं युवा कल्याण विभाग सौंपा गया है। वहीं डॉ. आर. राजेश कुमार को उनके वर्तमान विभागों के साथ औद्योगिक विकास, खनन और आबकारी विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। युगल किशोर पंत अब अपने पुराने विभागों के साथ तकनीकी शिक्षा विभाग भी देखेंगे। रंजना राजगुरु से आयुष विभाग हटाकर नियोजन विभाग दिया गया है, जबकि रीना जोशी को श्रम विभाग की अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई है।
अपर सचिव विनीत कुमार से श्रम विभाग हटाकर जलागम और अल्पसंख्यक कल्याण विभाग दिया गया है। मनुज गोयल को वित्त विभाग, मेहरबान बिष्ट को गृह विभाग और अभिनव शाह को सहकारिता विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पीसीएस बीएस चलाल को बाध्य प्रतीक्षा से हटाकर निदेशक दुग्ध विकास बनाया गया है। इलागिरी को अपर आयुक्त नागरिक आपूर्ति की जिम्मेदारी दी गई है। सचिवालय सेवा के विक्रम यादव से अल्पसंख्यक कल्याण विभाग हटाया गया है, जबकि महिमा रौंकली को वन विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
पुलिस विभाग में भी बड़ा उलटफेर, कई जिलों के एसएसपी बदले
प्रशासनिक फेरबदल के साथ पुलिस महकमे में भी व्यापक बदलाव किया गया है। शासन की तबादला सूची में सबसे महत्वपूर्ण बदलाव ऊधमसिंह नगर और नैनीताल जिले में देखने को मिला है। आईपीएस मणिकांत मिश्रा को एक बार फिर एसएसपी ऊधमसिंह नगर की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं अर्पण यदुवंशी को एसएसपी नैनीताल बनाया गया है। वर्तमान एसएसपी नैनीताल मंजूनाथ टीसी को सेनानायक 31वीं वाहिनी पीएसी रुद्रपुर भेजा गया है।
पंकज भट्ट को 46वीं वाहिनी पीएसी रुद्रपुर से सेनानायक आईआरबी प्रथम बेलपड़ाव भेजा गया है। अमित श्रीवास्तव प्रथम को पुलिस अधीक्षक अभिसूचना बनाया गया है, जबकि श्वेता चौबे को एसएसपी टिहरी से सेनानायक आईआरबी द्वितीय की जिम्मेदारी दी गई है।
अमित श्रीवास्तव द्वितीय को एसपी चमोली, देवेंद्र पींचा को एसएसपी पौड़ी और अर्पण यदुवंशी को एसएसपी नैनीताल बनाया गया है। विशाखा अशोक भदाणे को पुलिस अधीक्षक पुलिस मुख्यालय भेजा गया है, जबकि अजय गणपति कुमार को सेनानायक एसडीआरएफ बनाया गया है।
एसएसपी पौड़ी रहे सर्वेश पंवार को पुलिस अधीक्षक सुरक्षा, अभिसूचना मुख्यालय भेजा गया है। जितेंद्र मेहरा को पुलिस अधीक्षक पुलिस मुख्यालय, सरिता डोबाल को एसएसपी टिहरी और हरिश वर्मा को सेनानायक 46वीं वाहिनी पीएसी रुद्रपुर बनाया गया है।
इसके अलावा सुरजीत पंवार को पुलिस अधीक्षक पुलिस मुख्यालय, शाहजहां जावेद खान को एसपी फायर सर्विस और जगदीश चन्द्र को एसपी बागेश्वर की जिम्मेदारी दी गई है।
सरकार के इस बड़े फेरबदल में शासन के महत्वपूर्ण विभागों से लेकर जिलों की पुलिस व्यवस्था तक में बदलाव किया गया है। चुनाव से पहले अधिकारियों की नई तैनाती को प्रशासनिक और कानून-व्यवस्था की तैयारियों के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

