अध्यक्ष मुकेश बोरा की अध्यक्षता में संचालक मंडल की बैठक में आयोजन पर लगी मुहर, संकल्प वेंकट हॉल में होगा भव्य आयोजन, मुख्य अतिथि और अति विशिष्ट अतिथियों की रहेगी मौजूदगी
लालकुआं (हल्द्वानी)। नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड के 77वें वार्षिक सामान्य निकाय अधिवेशन की तैयारियां तेज हो गई हैं। आगामी 28 नवंबर को हल्द्वानी के पीलीकोठी स्थित संकल्प वेंकट हॉल में आयोजित होने वाले इस अधिवेशन में मुख्य अतिथि और अति विशिष्ट अतिथियों के साथ जनप्रतिनिधि, सहकारिता क्षेत्र की प्रमुख हस्तियां और बड़ी संख्या में दुग्ध उत्पादक शामिल होंगे।
अधिवेशन के आयोजन को लेकर बुधवार को दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा की अध्यक्षता में संचालक मंडल के सदस्यों एवं अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में कार्यक्रम स्थल, आयोजन की रूपरेखा और आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। विचार-विमर्श के बाद संचालक मंडल ने सर्वसम्मति से 77वें वार्षिक सामान्य निकाय अधिवेशन के आयोजन पर मुहर लगा दी।
वार्षिक उपलब्धियों और आय-व्यय का रखा जाएगा ब्यौरा
अधिवेशन में दुग्ध संघ की वर्षभर की गतिविधियों, वार्षिक प्रगति रिपोर्ट और आय-व्यय के विवरण पर विस्तार से चर्चा होगी। इसके साथ ही दुग्ध उत्पादकों के हितों से जुड़ी योजनाओं, दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने और उत्पादकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने जैसे महत्वपूर्ण विषय भी प्रमुखता से उठाए जाएंगे।
सहकारी व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने, दुग्ध उत्पादकों की समस्याओं और उनके आर्थिक हितों से जुड़े मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान संघ की उपलब्धियों को साझा करने के साथ ही दुग्ध उत्पादकों के योगदान को सम्मान देने पर विशेष जोर रहेगा।
मुकेश बोरा की अध्यक्षता में हुई बैठक
अधिवेशन की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक में संचालक मंडल सदस्य गोविंद सिंह मेहता, कृष्ण कुमार, आनंद सिंह नेगी, पुष्पा देवी, खष्टी देवी, दीपा देवी, हेमा देवी, दीपा देवी रैक्वाल एवं थान सिंह बिष्ट मौजूद रहे।
इसके अलावा दुग्ध संघ के सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा, वित्त प्रभारी उमेश पठालनी, प्रशासन एवं विपणन प्रभारी संजय सिंह भाकुनी, पी एंड आई प्रभारी सुभाष बाबू, खलील अहमद सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
दुग्ध उत्पादकों की भागीदारी रहेगी खास
28 नवंबर को होने वाला यह अधिवेशन नैनीताल दुग्ध संघ की वार्षिक गतिविधियों और सहकारिता क्षेत्र की उपलब्धियों की समीक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण रहेगा। इसमें दुग्ध उत्पादकों, जनप्रतिनिधियों और सहकारिता क्षेत्र से जुड़े लोगों की भागीदारी के बीच संघ की भावी योजनाओं और दुग्ध व्यवसाय को नई दिशा देने से जुड़े विषयों पर चर्चा होगी।

