Uttarakhand: रील बनाने की सनक बनी मौत की वजह, कार खाई में गिरने से दिल्ली के किशोर की मौत, पांच घायल

खबर शेयर करें

देहरादून। कालसी-चकराता स्टेट हाईवे पर रविवार शाम एक दर्दनाक हादसे में दिल्ली से आए पर्यटकों की खुशियां मातम में बदल गईं। लाल पुल बडोई छानी के पास बर्फबारी के बीच रील बनाने के दौरान कार अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में पर्यटक परिवार के 15 वर्षीय किशोर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार पांच अन्य लोग घायल हो गए।

Reel-Making Turns Fatal: Delhi Tourist Dies in Kalsi–Chakrata Highway Accident: पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चकराता में बर्फबारी देखने आए पर्यटक वापस दिल्ली लौट रहे थे। इसी दौरान लाल पुल के पास बडोई छानी क्षेत्र में कार रोककर रील बनाने की कोशिश की जा रही थी। इसी बीच वाहन का संतुलन बिगड़ गया और कार सीधे खाई में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर चीख-पुकार मच गई।

दिल्ली के एक ही परिवार के थे सभी पर्यटक
हादसे का शिकार हुए सभी लोग पुरानी दिल्ली के संतनगर क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। मृतक किशोर की पहचान वंश चावला (15) पुत्र तरुण चावला के रूप में हुई है।

यह भी पढ़ें 👉  Uttarakhand: प्रदेश के सभी स्कूलों में बजेगी ‘वॉटर बेल’, बच्चों को समय-समय पर पिलाया जाएगा पानी

कार में लीना कपूर (44), शौर्य कपूर (17), सृवाग्य कपूर (10), हेमा चावला (41) और मोहित कपूर (33) सवार थे। सभी चकराता में बर्फबारी देखने आए थे और रविवार सायं करीब छह बजे दिल्ली लौट रहे थे।

पुलिस व स्थानीय लोगों ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
हादसे की सूचना मिलते ही कालसी थानाध्यक्ष दीपक धारीवाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय ग्रामीणों और चकराता थाने की पुलिस की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। घायलों को खाई से बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहिया पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार दिया।

पांच घायल, किशोर को डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
चिकित्सकों के अनुसार, हादसे में पांच लोगों को हल्की चोटें आई हैं और सभी की हालत स्थिर बताई जा रही है। वहीं गंभीर रूप से घायल किशोर वंश चावला को अस्पताल पहुंचते ही मृत घोषित कर दिया गया। किशोर की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

रील बनाते समय हुआ हादसा, जांच में जुटी पुलिस
कालसी थानाध्यक्ष दीपक धारीवाल ने बताया कि प्रथम दृष्टया हादसे की वजह रील बनाते समय वाहन का अनियंत्रित होना सामने आई है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। मृतक किशोर के पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई सोमवार को की जाएगी।

पुलिस की अपील: पहाड़ों में सतर्कता बेहद जरूरी
पुलिस प्रशासन ने पर्यटकों से अपील की है कि बर्फबारी और पहाड़ी सड़कों पर यात्रा के दौरान अत्यधिक सतर्कता बरतें। सड़क किनारे रुककर वीडियो या रील बनाने से बचें, क्योंकि जरा सी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है।

You cannot copy content of this page