पांच बार अपनी कप्तानी में दिला चुके हैं खिताब, हार्दिक पांड्या के जाने के बाद फ्रेंचाइजी ने जताया भरोसा
मुंबई। आईपीएल 2027 से पहले मुंबई इंडियंस ने बड़ा ऐलान करते हुए रोहित शर्मा को एक बार फिर टीम का कप्तान नियुक्त किया है। पांच बार आईपीएल ट्रॉफी जीत चुकी मुंबई इंडियंस ने शुक्रवार को इसकी आधिकारिक घोषणा की। रोहित की कप्तानी में टीम ने पांचों खिताब अपने नाम किए थे। ऐसे में फ्रेंचाइजी ने एक बार फिर अपने सबसे सफल कप्तान पर भरोसा जताया है।

रोहित की कप्तानी में वापसी ऐसे समय हुई है, जब हार्दिक पांड्या को इस महीने की शुरुआत में पंजाब किंग्स के साथ ट्रेड कर दिया गया। हार्दिक ने 2024 से 2026 तक मुंबई इंडियंस की कमान संभाली थी। उनके टीम से जाने के बाद कप्तानी को लेकर सूर्यकुमार यादव, जसप्रीत बुमराह और तिलक वर्मा के नामों की भी चर्चा थी, लेकिन आखिरकार फ्रेंचाइजी ने रोहित शर्मा को ही जिम्मेदारी सौंपने का फैसला किया।
रोहित शर्मा वर्ष 2011 में मुंबई इंडियंस से जुड़े थे। उनकी कप्तानी में टीम ने 2013, 2015, 2017, 2019 और 2020 में आईपीएल का खिताब जीता। रोहित का अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भी शानदार कप्तानी रिकॉर्ड रहा है। उनकी अगुआई में भारतीय टीम ने 2024 का टी-20 विश्व कप अपने नाम किया था।
कप्तानी मिलने पर रोहित ने कहा कि मुंबई इंडियंस उनकी जिंदगी का बेहद अहम हिस्सा है और इस टीम की अगुआई करना हमेशा उनके लिए गर्व की बात रही है। नीता अंबानी और आकाश अंबानी के साथ आगामी सीजन को लेकर हुई बातचीत काफी उत्साहजनक रही है। उन्होंने भरोसा जताया कि टीम एकजुट होकर बेहतर प्रदर्शन करेगी और अपने प्रशंसकों को जश्न मनाने के कई अवसर देगी।
मुंबई इंडियंस के कप्तान के रूप में रोहित का रिकॉर्ड बेहद प्रभावशाली रहा है। उन्होंने आईपीएल और चैंपियंस लीग टी-20 में कुल 163 मुकाबलों में टीम की कप्तानी की। इनमें 91 मैचों में जीत, 68 में हार और चार मुकाबले टाई रहे। उनकी कप्तानी में मुंबई इंडियंस पांच बार फाइनल में पहुंची और हर बार चैंपियन बनी।
हालांकि, 2021 और 2022 में टीम प्लेऑफ में जगह नहीं बना सकी थी। वहीं, 2023 में मुंबई क्वालीफायर-2 तक पहुंची, लेकिन गुजरात टाइटंस से हारकर फाइनल की दौड़ से बाहर हो गई। इसके बाद हार्दिक पांड्या को कप्तानी सौंपी गई थी।
फ्रेंचाइजी ने अपने बयान में कहा कि रोहित ने मुंबई इंडियंस में जीत की संस्कृति विकसित करने के साथ युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने और प्रशंसकों के साथ मजबूत रिश्ता कायम करने में अहम भूमिका निभाई है। रिपोर्ट के मुताबिक, आईपीएल 2027 के लिए टीम किसी आधिकारिक उपकप्तान की घोषणा भी नहीं कर सकती। मुंबई इंडियंस की नीति अपनी फ्रेंचाइजी टीमों में उपकप्तान नियुक्त नहीं करने की रही है।

