वाराणसी। मिर्जामुराद क्षेत्र के रूपापुर ओवरब्रिज पर सोमवार सुबह भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। प्रयागराज की ओर से आ रहे बेकाबू ट्रक ने ओवरब्रिज पर खड़ी स्कॉर्पियो में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के वक्त स्कॉर्पियो सवार लोग वाहन से उतरकर सेल्फी ले रहे थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए। घायलों में एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो में आठ लोग सवार थे। सभी विंध्याचल में दर्शन करने के बाद वाराणसी लौट रहे थे। सोमवार सुबह करीब छह बजे रूपापुर ओवरब्रिज पहुंचने पर उन्होंने वाहन रोक दिया। इसके बाद सभी लोग स्कॉर्पियो से उतरकर ओवरब्रिज पर सेल्फी लेने लगे। इसी दौरान प्रयागराज की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रक ने पीछे से स्कॉर्पियो को टक्कर मार दी। हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
टक्कर के बाद मची अफरा-तफरी, पुलिस ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल
टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे। ओवरब्रिज पर क्षतिग्रस्त स्कॉर्पियो और घायलों को देखकर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलने पर मिर्जामुराद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकाला।
घायलों को एंबुलेंस की मदद से उपचार के लिए ट्रॉमा सेंटर भेजा गया। इनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
तीन मृतकों और तीन घायलों की पहचान हुई
हादसे के कई घंटे बाद तीन मृतकों और तीन घायलों की पहचान हो सकी। अन्य मृतकों और घायलों की पहचान कराने के लिए पुलिस प्रयास कर रही है। दुर्घटना में शामिल ट्रक को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।

