दीप्ति सिंह बनीं अल्मोड़ा की जिलाधिकारी, ललित मोहन रयाल को अपर सचिव कार्मिक एवं मुख्यमंत्री कार्यालय की जिम्मेदारी
देहरादून। उत्तराखंड शासन ने शुक्रवार को भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) और राज्य सिविल सेवा के अधिकारियों के दायित्वों में बड़ा फेरबदल किया है। शासन की ओर से जारी आदेश के तहत नैनीताल, अल्मोड़ा, देहरादून और हरिद्वार समेत कई जिलों में अधिकारियों की नई तैनाती की गई है। इस फेरबदल में नैनीताल के जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल को हटाकर अंशुल सिंह को जिले की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, ललित मोहन रयाल को शासन में अपर सचिव कार्मिक एवं सतर्कता विभाग तथा अपर सचिव मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी दी गई है।
शासनादेश के अनुसार, अल्मोड़ा की जिलाधिकारी दीप्ति सिंह को नैनीताल का नया जिलाधिकारी बनाया गया है, जबकि अल्मोड़ा की कमान अंशुल सिंह को सौंपी गई है। दीप्ति सिंह इससे पहले निदेशक खेल एवं युवा कल्याण के पद पर तैनात थीं। वहीं, अंशुल सिंह अल्मोड़ा के जिलाधिकारी की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।

इसके अलावा सुश्री निधि यादव को अपर सचिव कृषि एवं कृषक कल्याण विभाग के साथ अपर सचिव खेल एवं युवा कल्याण विभाग तथा निदेशक खेल एवं युवा कल्याण का दायित्व सौंपा गया है। वहीं, विनीत तोमर को प्रबंध निदेशक कुमाऊं मंडल विकास निगम, नैनीताल की जिम्मेदारी दी गई है।
पीसीएस अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में भी बदलाव किया गया है। कृष्ण कुमार मिश्र को अपर जिलाधिकारी देहरादून से अपर जिलाधिकारी हरिद्वार बनाया गया है। पंकज कुमार उपाध्याय को अपर मेलाधिकारी कुंभ मेला हरिद्वार के पद पर तैनाती दी गई है। वैभव गुप्ता को अपर जिलाधिकारी देहरादून की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसी तरह सीमा विश्वकर्मा को डिप्टी कलेक्टर अल्मोड़ा से डिप्टी कलेक्टर नैनीताल भेजा गया है, जबकि सुधीर कुमार को डिप्टी कलेक्टर नैनीताल से डिप्टी कलेक्टर अल्मोड़ा स्थानांतरित किया गया है।
शासन ने सभी संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई तैनाती पर कार्यभार ग्रहण करने और इसकी अनुपालन आख्या कार्मिक एवं सतर्कता अनुभाग-01 को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। आदेश 27 नवंबर 2026 को जारी किया गया है।

