Nainital: नशा तस्करों के नेटवर्क पर होगा बड़ा प्रहार, साइबर अपराधियों पर कसेगा शिकंजा: SSP अर्पण यदुवंशी

खबर शेयर करें

नैनीताल। जनपद के नवागत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) अर्पण यदुवंशी (IPS) ने कार्यभार ग्रहण करने के बाद मीडिया से रूबरू होकर अपनी प्राथमिकताओं और आगामी कार्ययोजना का खाका प्रस्तुत किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशा तस्करों के नेटवर्क को ध्वस्त करना, साइबर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाना, महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना और पर्यटकों एवं श्रद्धालुओं को जाम से निजात दिलाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।

एसएसपी अर्पण यदुवंशी ने मुख्यमंत्री उत्तराखंड सरकार एवं पुलिस मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें सौंपी गई जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण के साथ किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नैनीताल केवल एक जनपद नहीं, बल्कि कुमाऊं का प्रवेश द्वार है। इसकी पर्यटन, भौगोलिक और सामरिक महत्ता को देखते हुए यहां कानून-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और अपराध नियंत्रण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

नशे के नेटवर्क को तोड़ने के लिए चलेगा विशेष अभियान

एसएसपी ने कहा कि मुख्यमंत्री के ड्रग फ्री देवभूमि मिशन के तहत नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी। नशे की सप्लाई चेन तोड़ने के लिए PIT NDPS और गैंगस्टर एक्ट के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए एएनटीएफ (ANTF) और एसओजी (SOG) को और अधिक मजबूत करते हुए विशेष अभियान चलाए जाएंगे। साथ ही स्कूल-कॉलेजों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने का प्रयास किया जाएगा।

डिजिटल अरेस्ट और साइबर ठगी करने वालों पर होगी कार्रवाई

बढ़ते साइबर अपराधों को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने डिजिटल अरेस्ट और ऑनलाइन ठगी के मामलों पर विशेष फोकस करने की बात कही। साइबर अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई के लिए विशेष टीम गठित की जाएगी। साइबर सेल को आधुनिक उपकरणों और विशेष प्रशिक्षण के माध्यम से सशक्त बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि साइबर अपराधों से बचाव के लिए जनजागरूकता अभियान भी व्यापक स्तर पर चलाए जाएंगे।

महिला सुरक्षा से समझौता नहीं, अपराधियों पर होगी सख्त कार्रवाई

महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी। पर्यटक एवं धार्मिक स्थलों पर महिला सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए जाएंगे। पीड़ित-केंद्रित पुलिसिंग को प्राथमिकता देते हुए महिला अपराधों से जुड़े मामलों की समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण विवेचना सुनिश्चित की जाएगी।

यह भी पढ़ें 👉  देहरादून में आयकर विभाग की बड़ी कार्रवाई, बिल्डरों और शराब कारोबारियों के ठिकानों पर एक साथ छापेमारी

नैनीताल से कैंची धाम तक जाम से राहत दिलाना चुनौती

पर्यटन और धार्मिक गतिविधियों के लिहाज से महत्वपूर्ण नैनीताल, हल्द्वानी और कैंची धाम सहित प्रमुख स्थलों पर यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाना एसएसपी की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि पर्यटकों और श्रद्धालुओं को जाम की समस्या से राहत दिलाने के लिए प्रभावी ट्रैफिक प्लान तैयार किया जाएगा।

इसके साथ ही अल्मोड़ा, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और आदि कैलाश यात्रा के प्रमुख मार्गों पर भी यातायात प्रबंधन को बेहतर बनाया जाएगा। उनका कहना है कि सुगम यातायात व्यवस्था से न केवल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय व्यापार और लोगों की आजीविका को भी प्रोत्साहन मिलेगा।

सिर्फ गिरफ्तारी नहीं, अपराधियों को सजा दिलाना भी लक्ष्य

एसएसपी अर्पण यदुवंशी ने पुलिसिंग की कार्यप्रणाली को लेकर भी अपनी प्राथमिकता स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि पुलिस का लक्ष्य केवल अपराधियों को गिरफ्तार करना नहीं, बल्कि उन्हें न्यायालय से सजा दिलाना भी होगा। इसके लिए मजबूत एवं वैज्ञानिक साक्ष्य संकलन, विवेचनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने और प्रभावी पैरवी पर विशेष जोर दिया जाएगा।

यह भी पढ़ें 👉  Uttarakhand: ओखलकांडा के लक्ष्मण ने UKPSC APS परीक्षा में लहराया परचम, हासिल की 28वीं रैंक

कानून-व्यवस्था और जनविश्वास मजबूत करने पर जोर

जनपद के संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्क निगरानी, प्रभावी गश्त और अपराधियों एवं अराजक तत्वों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिसिंग को और मजबूत किया जाएगा। आमजन की समस्याओं का त्वरित निस्तारण करने के साथ ही पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय एवं जनसहभागिता बढ़ाने पर भी जोर रहेगा।

‘अच्छी यादें लेकर जाएं पर्यटक और श्रद्धालु’

नवागत एसएसपी अर्पण यदुवंशी ने अपने संकल्प को दोहराते हुए कहा कि नैनीताल आने वाला प्रत्येक पर्यटक और श्रद्धालु यहां से अच्छी यादें लेकर जाए, यह पुलिस की प्राथमिकता रहेगी। युवाओं को नशे से बचाना, आमजन को साइबर अपराधों से सुरक्षित रखना, महिलाओं को सुरक्षित वातावरण देना और अपराधियों को उनके अंजाम तक पहुंचाना पुलिस का लक्ष्य होगा।

उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस की कार्रवाई गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि प्रभावी विवेचना और न्यायालय में मजबूत पैरवी के माध्यम से अपराधियों को सजा दिलाने के लिए भी पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम किया जाएगा।

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page