मिसिसिपी के हॉर्न आइलैंड के पास हुआ हादसा, 18 हजार फीट प्रति मिनट की रफ्तार से नीचे गिरा विमान; गोताखोरों ने बरामद किए सभी शव
वाशिंगटन। अमेरिका के मिसिसिपी राज्य में मंगलवार दोपहर एक भीषण विमान हादसे में दो मासूम बच्चों समेत छह लोगों की मौत हो गई। हॉर्न आइलैंड के पास एक छोटा यात्री विमान अनियंत्रित होकर समुद्र में जा गिरा। हादसे के बाद अमेरिकी कोस्ट गार्ड और बचाव दल ने व्यापक तलाशी अभियान चलाया। गोताखोरों ने विमान के मलबे से सभी छह लोगों के शव बरामद कर लिए हैं। इसके बाद बचाव अभियान समाप्त कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त विमान सेसना सेंटूरियन 210 मॉडल का था। इसमें चार वयस्कों के अलावा आठ से दस वर्ष की उम्र के दो बच्चे सवार थे। मंगलवार दोपहर विमान का फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (एफएए) से संपर्क टूट गया था। इसके बाद दोपहर करीब 3:45 बजे अमेरिकी कोस्ट गार्ड को अलर्ट किया गया। सूचना मिलते ही बचाव दल समुद्र में तलाशी अभियान के लिए रवाना हो गया।
कोस्ट गार्ड के मुताबिक, शुरुआती तलाशी के दौरान घटनास्थल से तीन लाइफ जैकेट, एक लाइफ राफ्ट और विमान का केबिन बरामद किया गया। बाद में मिसिसिपी डिपार्टमेंट ऑफ मरीन रिसोर्सेज के गोताखोरों ने गहरे पानी में विमान के मलबे से सभी छह शव बाहर निकाले। सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार, सभी शव बरामद होने के बाद तलाशी अभियान समाप्त कर दिया गया।
उड़ान के 30 मिनट बाद बिगड़ा संतुलन
फ्लाइट ट्रैकिंग डेटा के मुताबिक, विमान ने न्यू ऑरलियन्स से फ्लोरिडा के फोर्ट मायर्स के लिए उड़ान भरी थी। उड़ान भरने के करीब 30 मिनट बाद विमान मिसिसिपी के पस्कागौला के दक्षिण में लगभग 8,800 फीट की ऊंचाई पर उड़ रहा था। इसी दौरान अचानक विमान तेजी से नीचे गिरने लगा।
फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट फ्लाइटरडार24 के आंकड़ों के अनुसार, विमान अंतिम समय में करीब 18 हजार फीट प्रति मिनट की दर से नीचे आ रहा था। उस वक्त उसकी गति 200 मील प्रति घंटे से अधिक बताई गई है। कुछ ही देर बाद विमान का ट्रैकिंग डेटा मिलना बंद हो गया और वह समुद्र में समा गया। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।

