पैसों की तंगी ने बना दिया कातिल…जिस घर में करता था मजदूरी, वहीं रची हत्या की साजिश, लमगड़ा हत्याकांड से उठा पर्दा

खबर शेयर करें

अल्मोड़ा। लमगड़ा थाना क्षेत्र के सांगड़ साहू गांव में महिला की हत्या कर सोने का गलोबंद लूटने के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने हत्या के आरोपी गोपाल सिंह, जो पीआरडी में कार्यरत है को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लूटी गई नकदी और मृतका का सोने का गलोबंद शत-प्रतिशत बरामद कर लिया है। पुलिस की इस सफलता से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।

पुलिस के मुताबिक 14 नवंबर की रात सांगड़ साहू गांव निवासी गंगा देवी पत्नी मोहन सिंह की उनके घर में ही गला घोंटकर हत्या कर दी गई थी। हत्या के बाद आरोपी उनके गले से सोने का गलोबंद लूटकर फरार हो गया था। घटना की सूचना पर लमगड़ा थाने में अज्ञात के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) और 309(4) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड: चारधाम यात्रा में इस बार वीआईपी दर्शन पर नहीं लगेगा शुल्क, सरकार ने लिया फैसला

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पींचा स्वयं गांव पहुंचे और मौके का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम को बुलाकर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए गए। मामले के त्वरित खुलासे के लिए अपर पुलिस अधीक्षक हरबंस सिंह और क्षेत्राधिकारी अल्मोड़ा गोपाल दत्त जोशी के पर्यवेक्षण में विशेष जांच टीमें गठित की गईं, जिनमें एसओजी के साथ लमगड़ा, धौलछीना और दन्या थानों की पुलिस को शामिल किया गया।

पुलिस के सामने चुनौती यह थी कि मृतका का घर एकांत स्थान पर था, आसपास कोई सीसीटीवी कैमरा नहीं था और किसी तरह की पुरानी रंजिश भी सामने नहीं आई थी। इसके बावजूद पुलिस टीमों ने लमगड़ा से लेकर हल्द्वानी तक करीब 400 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर सर्विलांस के माध्यम से तकनीकी साक्ष्य जुटाए गए और करीब 100 लोगों से गहन पूछताछ की गई।

यह भी पढ़ें 👉  पाकिस्तान और पीओके में भारत की बड़ी कार्रवाई, ऑपरेशन 'सिंदूर' में 100 से ज्यादा आतंकी ढेर

लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने गांव के ही निवासी गोपाल सिंह को पूछताछ के लिए थाने बुलाया। तलाशी के दौरान उसके पास से 1 लाख 20 हजार 500 रुपये बरामद हुए। कड़ी पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर हल्द्वानी स्थित एक सुनार की दुकान से मृतका का सोने का गलोबंद भी बरामद कर लिया गया।

पूछताछ में आरोपी गोपाल सिंह (40 वर्ष), पुत्र स्वर्गीय दीवान सिंह, निवासी सांगड़ साहू क्वार्बी, लमगड़ा ने बताया कि वह प्रांतीय रक्षक दल में कार्यरत है और खेती-बाड़ी के काम के लिए मृतका के पति मोहन सिंह के यहां मजदूरी भी करता था। नवंबर के अंत में बेटी की शादी तय होने के कारण उसे पैसों की सख्त जरूरत थी। उसने गंगा देवी से 25 हजार रुपये मांगे थे, लेकिन पैसे नहीं मिलने पर उसने गुस्से में आकर गलोबंद से गला दबाकर उनकी हत्या कर दी। इसके बाद वह गलोबंद लेकर फरार हो गया और हल्द्वानी में उसे बेच दिया।

यह भी पढ़ें 👉  Uttarakhand Weather: आज भी कई जिलों में भारी बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट

इस जघन्य हत्याकांड के सफल अनावरण पर कुमाऊं रेंज की आईजी रिद्धिम अग्रवाल ने पुलिस टीम को ₹15 हजार तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा ने ₹10 हजार का नगद पुरस्कार देकर टीम का उत्साहवर्धन किया है। पुलिस की सक्रियता और तकनीकी जांच से हुए इस खुलासे को बड़ी सफलता माना जा रहा है।

ADVERTISEMENTS Ad

You cannot copy content of this page