Uttarakhand: बागेश्वर में भूकंप के झटकों से हिली धरती, 3.6 रही तीव्रता…पांच किमी गहराई में था केंद्र

खबर शेयर करें

बागेश्वर। उत्तराखंड के बागेश्वर जिले में शनिवार दोपहर अचानक धरती हिलने से लोगों में हलचल मच गई। बागेश्वर और आसपास के क्षेत्रों में भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 3.6 रही। झटके महसूस होते ही कुछ स्थानों पर लोग एहतियातन घरों से बाहर निकल आए। हालांकि, अब तक जिले में किसी भी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शिखा सुयाल ने बताया कि राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार भूकंप शनिवार दोपहर 12:35:11 बजे दर्ज किया गया। भूकंप का केंद्र बागेश्वर क्षेत्र में 29.984 अक्षांश उत्तर और 79.692 देशांतर पूर्व पर जमीन के भीतर करीब पांच किलोमीटर की गहराई में था। भूकंप का केंद्र कम गहराई पर होने के कारण आसपास के इलाकों में झटके अपेक्षाकृत स्पष्ट महसूस किए गए।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड के सात राजकीय मेडिकल कॉलेजों को मिले नए स्थायी प्राचार्य

अचानक आए झटकों के चलते लोगों में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। कई लोगों ने सुरक्षा की दृष्टि से घरों से बाहर निकलकर खुले स्थानों का रुख किया। हालांकि, भूकंप की तीव्रता कम होने के कारण किसी बड़े नुकसान की जानकारी सामने नहीं आई है। स्थिति सामान्य बनी हुई है।

यह भी पढ़ें 👉  अल्मोड़ा: ऑक्सीजन बूस्टर के बाद भी मरीज हल्द्वानी क्यों भेजे जा रहे? संजय पाण्डे ने सीएमओ पूछा सवाल

भूकंप के झटके महसूस होने के तुरंत बाद जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग सक्रिय हो गया। जिला आपदा कंट्रोल रूम से जिले की सभी तहसीलों, पुलिस चौकियों और राजस्व उपनिरीक्षकों से संपर्क कर स्थिति का फीडबैक लिया जा रहा है। प्रशासन की ओर से अलग-अलग क्षेत्रों में संभावित नुकसान की जानकारी जुटाई जा रही है।

प्रारंभिक रिपोर्ट के मुताबिक जिले में कहीं से भी किसी व्यक्ति के घायल होने, जनहानि या भवनों को नुकसान पहुंचने की सूचना नहीं मिली है। प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीमें स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए हैं। किसी भी तरह की आपात स्थिति सामने आने पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने के लिए संबंधित तंत्र को अलर्ट रखा गया है।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड: यहां स्कूल परिसर के पास अध्यापक का जला हुआ शव मिला, पुलिस जांच में जुटी

प्रशासन ने लोगों से भूकंप के झटकों को लेकर घबराने के बजाय सतर्क रहने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा है कि किसी भी स्थान पर नुकसान या अन्य आपात स्थिति की जानकारी मिलने पर तत्काल जिला आपदा कंट्रोल रूम को सूचित किया जाए, ताकि समय रहते आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page