नैनीताल। जिले की धारी तहसील में विजिलेंस टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पटवारी को 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोप है कि पटवारी ने एक ग्रामीण से जमीन की नापजोख के एवज में रिश्वत की मांग की थी। गिरफ्तारी के बाद विजिलेंस टीम आरोपी के घर पर भी छापेमारी कर रही है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम मौड़ा, तहसील धारी निवासी एक ग्रामीण ने बीते दिनों टोल फ्री नंबर 1064 पर शिकायत दर्ज कराई थी। ग्रामीण ने आरोप लगाया था कि क्षेत्र के पटवारी द्वारा भूमि की नापजोख के लिए उससे रिश्वत मांगी जा रही है। शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस टीम ने मामले की गोपनीय जांच की। जांच में प्रथम दृष्टया शिकायत सही पाए जाने के बाद कार्रवाई की तैयारी की गई।
विजिलेंस कार्यालय सेक्टर नैनीताल, हल्द्वानी में आरोपी पटवारी निर्मल बोरा के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद आरोपी को रंगे हाथ पकड़ने के लिए ट्रैप टीम गठित की गई।
शनिवार को विजिलेंस टीम ने जाल बिछाकर पटवारी निर्मल बोरा को 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है। साथ ही उसके घर पर भी छापेमारी की जा रही है, जहां संपत्ति और अन्य दस्तावेजों की जांच की जा रही है।
एसपी विजिलेंस दीपशिखा अग्रवाल ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी से पूछताछ के साथ ही उसके आवास पर छापेमारी की जा रही है। वहीं, विजिलेंस निदेशक डा. वी. मुरुगेशन ने सफल ट्रैप कार्रवाई करने वाली टीम को नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है।
