एसटीएफ और लोहाघाट पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 4 किलो 100 ग्राम चरस बरामद, लोहाघाट से चरस जुटाकर यूपी में खपाने की थी तैयारी
चम्पावत। उत्तराखंड में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने बड़ी कार्रवाई की है। एसटीएफ की एंटी नारकोटिक्स कुमाऊं यूनिट और लोहाघाट पुलिस की संयुक्त टीम ने एक कथित चरस तस्कर को 4 किलो 100 ग्राम अवैध चरस के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद चरस की अनुमानित कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई गई है। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी लोहाघाट क्षेत्र से चरस एकत्रित कर उत्तर प्रदेश के बरेली में ऊंचे दामों पर बेचने की फिराक में था।
एसटीएफ के मुताबिक, प्रदेश में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए लगातार निगरानी और सूचनाएं जुटाई जा रही हैं। इसी अभियान के तहत एंटी नारकोटिक्स कुमाऊं यूनिट ने लोहाघाट पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई की। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से भारी मात्रा में चरस बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुरेश सिंह तिसल्ला पुत्र दान सिंह तिसल्ला, निवासी खतेड़ा मल्ला, थाना पंचेश्वर, जिला चम्पावत के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में उसने बताया कि वह लोहाघाट क्षेत्र से चरस जुटाकर बरेली ले जा रहा था, जहां इसे ऊंचे दामों पर बेचने की योजना थी।
तस्करी नेटवर्क के बड़े चेहरों की तलाश
इस गिरफ्तारी के बाद एसटीएफ अब चरस की आपूर्ति के स्रोत और तस्करी के पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुट गई है। आरोपी के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज की जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसे चरस कहां से मिलती थी और बरेली में इसे खरीदने वाले कौन लोग थे। एसटीएफ का मानना है कि पूछताछ में इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के बारे में अहम जानकारियां मिल सकती हैं।
कार्रवाई में एसटीएफ की ओर से उपनिरीक्षक विनोद चंद्र जोशी, जगदीप नेगी, हेड कांस्टेबल वीरेंद्र चौहान और आरक्षी इसरार अहमद शामिल रहे। वहीं, लोहाघाट पुलिस टीम में थानाध्यक्ष ओमप्रकाश, उपनिरीक्षक कुंदन बोरा, आरक्षी पवन भट्ट, कुलदीप और संजय साहनी शामिल थे।
एसटीएफ ने आमजन से नशे के अवैध कारोबार और मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़ी सूचनाएं पुलिस को देने की अपील की है। विभाग का कहना है कि युवाओं को नशे से बचाने और नशा मुक्त उत्तराखंड के संकल्प को पूरा करने के लिए तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

