धापा-मिलम मोटर मार्ग पर सियूनी के पास हुआ हादसा, घायल मजदूर को हेलीकॉप्टर से पिथौरागढ़ किया गया रेफर, विधायक हरीश धामी ने उठाई सीटी स्कैन सुविधा की मांग
पिथौरागढ़। मुनस्यारी के धापा-मिलम मोटर मार्ग पर मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे में बाइक सवार मजदूर की जान चली गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। सड़क निर्माण कार्य के दौरान पहाड़ी से अचानक भारी बोल्डर गिरने से दोनों मजदूर इसकी चपेट में आ गए। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, दोनों युवक सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) में मजदूरी करते थे। मंगलवार को दोनों बाइक से अपने काम पर जा रहे थे। इसी दौरान सियूनी नामक स्थान पर पहाड़ी से अचानक भारी बोल्डर गिर पड़ा। इसकी चपेट में आने से भुवन कुमार (26) पुत्र नरी राम, निवासी ग्राम साईंपोलो की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, बाइक पर सवार दूसरे युवक प्रदीप कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए।
गंभीर हालत में हेलीकॉप्टर से किया गया रेफर
हादसे के बाद घायल प्रदीप कुमार को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुनस्यारी पहुंचाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर उपचार के लिए हेलीकॉप्टर से पिथौरागढ़ रेफर किया गया। बताया जा रहा है कि दोनों मजदूर आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से ताल्लुक रखते हैं। हादसे की खबर से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
विधायक हरीश धामी ने उठाई सीटी स्कैन सुविधा की मांग
इस हादसे के बाद सीमांत क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी का मुद्दा भी एक बार फिर सामने आया है। क्षेत्रीय विधायक हरीश धामी ने मुनस्यारी में सीटी स्कैन की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग उठाई है।
उन्होंने कहा कि सीमांत क्षेत्र में गंभीर रूप से घायल मरीजों को जांच और बेहतर उपचार के लिए बाहर भेजना पड़ता है। आपातकालीन परिस्थितियों में लंबी दूरी तय करना मरीजों के लिए परेशानी का कारण बनता है। ऐसे में मुनस्यारी में सीटी स्कैन मशीन की सुविधा उपलब्ध होना बेहद जरूरी है।
विधायक का कहना है कि स्थानीय स्तर पर आधुनिक जांच सुविधाएं उपलब्ध होने से गंभीर मरीजों को समय पर जांच और उपचार मिल सकेगा। सीमांत क्षेत्र की विषम भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए स्वास्थ्य सेवाओं का सुदृढ़ीकरण बेहद आवश्यक है।

