टीम के चार सदस्यों को भी मिली 74-74 कोड़ों की सजा, कलात्मक गतिविधियों पर भी दो साल तक रोक
तेहरान। ईरान में अनिवार्य हिजाब नियमों को चुनौती देते हुए बिना हिजाब ऑनलाइन कॉन्सर्ट करना एक महिला गायिका और उनकी टीम के सदस्यों को भारी पड़ गया। इस मामले में गायिका परस्तू अहमदी को 74 कोड़े मारे गए हैं। इसके अलावा उनके कामकाज और विदेश यात्रा पर दो साल के लिए प्रतिबंध लगा दिया गया है। गायिका की कॉन्सर्ट टीम के चार अन्य सदस्यों को भी 74-74 कोड़ों की सजा दी गई है। साथ ही इन सभी पर अगले दो वर्षों तक किसी भी तरह की कलात्मक और संगीत गतिविधियों में शामिल होने पर रोक लगा दी गई है।
मानवाधिकार संगठन ईरान ह्यूमन राइट्स (IHRNGO) ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बचाव पक्ष के वकील मुस्तफा नीली के हवाले से यह जानकारी साझा की। वकील के अनुसार, परस्तू अहमदी को कोम स्थित अभियोजक कार्यालय की सजा प्रवर्तन इकाई में कोड़े मारे गए। अदालत ने उन्हें सार्वजनिक शालीनता को ठेस पहुंचाने का दोषी ठहराया था।
गायिका के साथ सजा पाने वालों में कॉन्सर्ट आयोजक मोहसिन लश्करी और संगीतकार सोहेल फकीह-नसीरी, अमीन ताहेरी तथा अमीर-अली पिरनिया शामिल हैं। इन सभी को 74-74 कोड़े मारने के साथ दो साल तक संगीत और अन्य कलात्मक गतिविधियों में हिस्सा लेने से प्रतिबंधित किया गया है। इन पर दो साल का यात्रा प्रतिबंध भी लगाया गया है।
यूट्यूब पर कॉन्सर्ट का वीडियो जारी होने के बाद शुरू हुआ विवाद
दरअसल, यह पूरा मामला दिसंबर 2024 में शुरू हुआ था, जब परस्तू अहमदी ने यूट्यूब पर ‘कारवांसेराय कॉन्सर्ट’ का वीडियो जारी किया था। इस वीडियो में वह बिना हिजाब पहने गाना गाती नजर आई थीं। उनके साथ पुरुष संगीतकार भी मौजूद थे। ईरान में महिलाओं के लिए सार्वजनिक स्थानों पर हिजाब पहनना अनिवार्य है। ऐसे में बिना हिजाब के संगीत कार्यक्रम आयोजित करना वहां के कानूनों का उल्लंघन माना गया।
कॉन्सर्ट की शूटिंग ईरान के धार्मिक शहर कोम के पास स्थित देर-ए-गचिन कारवांसेराय में की गई थी। कारवांसेराय फारसी भाषा का शब्द है, जिसका इस्तेमाल प्राचीन समय में यात्रियों और व्यापारियों के ठहरने के लिए बनाए गए किलेबंद सरायों के लिए किया जाता था।
कोम ईरान में शिया समुदाय का प्रमुख धार्मिक केंद्र है। यहां बड़ी संख्या में इस्लामी मदरसे और धार्मिक संस्थान स्थित हैं। इसे देश में धार्मिक रूढ़िवाद के प्रमुख केंद्रों में भी गिना जाता है। ऐसे संवेदनशील धार्मिक क्षेत्र के निकट बिना हिजाब कॉन्सर्ट आयोजित करने से मामला और विवादित हो गया। इस घटना ने एक बार फिर ईरान में महिलाओं की व्यक्तिगत स्वतंत्रता, पहनावे के अधिकार और अनिवार्य हिजाब कानून को लेकर बहस तेज कर दी है।

