देहरादून। राजधानी देहरादून में दिवाली पार्टी के दौरान दोस्तों के बीच हुआ विवाद एक किशोर की मौत का कारण बन गया। नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र के सूरी चौक के पास हुई इस घटना में 15 वर्षीय अर्श की जान चली गई। घटना रात करीब तीन बजे की बताई जा रही है। किशोर की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
परिजनों का आरोप है कि श्रेयस नाम का युवक अर्श को अपने साथ दिवाली पार्टी में लेकर गया था। पार्टी के दौरान किसी बात को लेकर दोस्तों के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और अर्श के साथ कथित तौर पर उसके दोस्तों ने मारपीट की। परिजनों के मुताबिक, इसी मारपीट में गंभीर रूप से घायल होने के कारण अर्श की मौत हो गई।
श्रेयस और उसके साथियों पर परिजनों ने लगाए आरोप
घटना के बाद मृतक के परिजनों ने श्रेयस और उसके साथ मौजूद अन्य युवकों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिवार का कहना है कि अर्श को पार्टी में ले जाने के बाद उसके साथ मारपीट की गई, जिसमें उसकी जान चली गई। किशोर की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
विवाद की वजह तलाश रही पुलिस
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। विवाद किस बात को लेकर शुरू हुआ था और घटना के दौरान कौन-कौन युवक मौजूद थे, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस की जांच के बाद ही घटना की पूरी सच्चाई सामने आ सकेगी।

