दिवाली की आतिशबाजी ने दिल्ली-NCR की हवा में घोला जहर, कई इलाकों में AQI 400 पार

खबर शेयर करें

नई दिल्ली। दिवाली की रात हुई जमकर आतिशबाजी का असर सोमवार तड़के दिल्ली-एनसीआर की आबोहवा पर साफ दिखाई दिया। पटाखों से निकले धुएं और जहरीले कणों ने राजधानी की हवा को प्रदूषित कर दिया। दिल्ली के कई इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) गंभीर श्रेणी में पहुंच गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के मुताबिक, सोमवार तड़के आईटीओ में एक्यूआई 406 दर्ज किया गया, जबकि जहांगीरपुरी में यह 447 तक पहुंच गया। सुबह कई इलाकों में धुंध की मोटी चादर छाई रही और दृश्यता भी बुरी तरह प्रभावित हुई।

सफदरजंग में दृश्यता घटकर 50 मीटर

प्रदूषण के साथ धुंध ने भी लोगों की परेशानी बढ़ा दी। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, सोमवार सुबह 6:30 बजे सफदरजंग में दृश्यता घटकर महज 50 मीटर रह गई, जबकि एक दिन पहले इसी समय यह 700 मीटर थी। यानी दृश्यता में 650 मीटर की गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग ने यहां घना कोहरा दर्ज किया। वहीं, पालम में दृश्यता 800 मीटर से घटकर 400 मीटर रह गई। यहां मध्यम कोहरे की स्थिति रही।

यह भी पढ़ें 👉  बागेश्वर धाम जन सेवा समिति को एफसीआरए मंजूरी, अब विदेश से फंड लेने का रास्ता साफ

आईएमडी के मुताबिक, सफदरजंग में रात 10:30 बजे से दृश्यता एक हजार मीटर से नीचे बनी हुई थी, जबकि पालम में आधी रात के बाद दृश्यता लगातार एक हजार मीटर से कम दर्ज की गई। सफदरजंग में हवा शांत रही और पालम में हवा की गति करीब दो नॉट रही।

जहांगीरपुरी में 447, रोहिणी और विवेक विहार में 442 AQI

सीपीसीबी के रात एक बजे के आंकड़ों ने राजधानी में प्रदूषण की गंभीर स्थिति उजागर की। जहांगीरपुरी में एक्यूआई 447, रोहिणी और विवेक विहार में 442, चांदनी चौक और डीटीयू में 430 तथा बवाना में 434 दर्ज किया गया। इसके अलावा अलीपुर में 413, पटपड़गंज में 421, पंजाबी बाग में 416, मुंडका में 405, आईटीओ में 407 और बदरपुर में 354 एक्यूआई रहा।

सोमवार सुबह के आंकड़ों के अनुसार रिंग रोड पर एक्यूआई 370, आरके पुरम में 364, डीएनडी फ्लाईओवर पर 338 और मयूर विहार में 337 दर्ज किया गया। राजीव चौक में तड़के 1:30 बजे एक्यूआई 381 और सुबह चार बजे साउथ एक्सटेंशन में 360 रहा। इन इलाकों में हवा बहुत खराब श्रेणी में बनी रही।

यह भी पढ़ें 👉  Uttarakhand: बड़ा हादसा टला...प्रेशर पाइप फटने से खाई में गिरी जीएमओयू की बस, 30 यात्रियों की बची जान

नोएडा और गाजियाबाद में भी बिगड़े हालात

दिल्ली के साथ नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद में भी प्रदूषण का स्तर बढ़ा रहा। नोएडा के सेक्टर-62 में रात एक बजे एक्यूआई 445 दर्ज किया गया, जबकि सुबह नौ बजे तक यह 427 रहा। सेक्टर-110 में 321, सेक्टर-116 में 292, सेक्टर-125 में 296, सेक्टर-150 में 315 तथा सेक्टर-1 और सेक्टर-39 में 301-301 एक्यूआई दर्ज किया गया। ग्रेटर नोएडा में एक्यूआई 293 रहा।

गाजियाबाद के लोनी में एक्यूआई 390, वेव सिटी में 378, गोविंदपुरम में 342, इंदिरापुरम में 317, वसुंधरा में 300 और संजय नगर में 287 दर्ज किया गया। गुरुग्राम में भी हवा की गुणवत्ता खराब रही। टेरी ग्राम में एक्यूआई 372, विकास सदन में 344, सेक्टर-51 में 263 और एनआईएसई ग्वाल पहाड़ी में 232 दर्ज किया गया।

अक्षरधाम में पीएम-2.5 का स्तर 760.99 तक पहुंचा

दिवाली की रात प्रदूषण की गंभीरता का अंदाजा अक्षरधाम में दर्ज पीएम-2.5 के स्तर से लगाया जा सकता है। दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति (डीपीसीसी) के आंकड़ों के मुताबिक, रविवार रात 11 बजे यहां पीएम-2.5 का स्तर 760.99 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दर्ज किया गया। यह विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) की 24 घंटे की निर्धारित सीमा 15 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर से करीब 50.73 गुना अधिक था।

यह भी पढ़ें 👉  Uttarakhand: राज्यसभा के लिए दिनेश आर्य ने भरा पर्चा...CM धामी समेत भाजपा के दिग्गज रहे मौजूद, कांग्रेस ने नहीं उतारा उम्मीदवार

ग्रैप-3 लागू, फिर भी देर रात तक होती रही आतिशबाजी

दिल्ली-एनसीआर में छह नवंबर से ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (ग्रैप) का तीसरा चरण लागू है। इसके बावजूद दिवाली की रात देर तक आतिशबाजी होती रही। सुप्रीम कोर्ट ने दिवाली पर स्वीकृत पटाखों के निर्माण, बिक्री और इस्तेमाल की अनुमति निर्धारित शर्तों और समय-सीमा के तहत दी थी। अदालत ने नौ नवंबर से पूर्ण प्रतिबंध बहाल करने का भी निर्देश दिया था। दिवाली से पहले दिल्ली सरकार ने लोगों से दिशा-निर्देशों का पालन करने और ग्रीन पटाखों का इस्तेमाल करने की अपील की थी। इसके बावजूद आतिशबाजी के बाद दिल्ली-एनसीआर की हवा में प्रदूषण का स्तर तेजी से बढ़ गया।

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page