देहरादून। उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के पति गिरधारी लाल साहू को पुलिस ने झांसी से गिरफ्तार कर लिया है। कई दिनों से फरार चल रहे साहू की तलाश में जुटी एसआईटी को आखिरकार सफलता मिल गई। गिरफ्तारी के बाद अब इस हाईप्रोफाइल मामले में पुलिस की आगे की कार्रवाई और आधिकारिक खुलासे का इंतजार है।
गिरधारी साहू की गिरफ्तारी को लेकर पिछले कई दिनों से पुलिस लगातार दबिश दे रही थी। उसके नेपाल भागने की आशंका भी जताई जा रही थी। इसी को देखते हुए पुलिस ने नेपाली एजेंसियों से भी संपर्क साधा था। एसआईटी उसके संभावित ठिकानों के साथ करीबियों पर भी नजर रखे हुए थी। आखिरकार झांसी में उसकी गिरफ्तारी हो गई।
दरअसल, कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने बीती 15 अक्टूबर को देहरादून के कैंट थाने में अपने पति गिरधारी लाल साहू के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि साहू पहले से शादीशुदा था और उसने विवाह के समय यह बात छिपाई थी। इसके अलावा मंत्री ने लगातार प्रताड़ित करने का भी आरोप लगाया था।
मामले में धोखाधड़ी का आरोप भी लगाया गया। शिकायत के मुताबिक, गिरधारी साहू ने कथित तौर पर जाली हस्ताक्षरों का इस्तेमाल कर रेखा आर्या को अपनी कंपनियों से बाहर कर दिया था। मामले की जांच के लिए एसपी देहात जया बलोनी के नेतृत्व में एसआईटी गठित की गई थी।
जांच के दौरान एसआईटी ने साहू के करीबियों से पूछताछ की और उसके आपराधिक इतिहास की पड़ताल की। इस दौरान बरेली और उत्तराखंड के विभिन्न क्षेत्रों में उसके खिलाफ करीब 50 मुकदमे दर्ज होने की जानकारी सामने आई। बताया जाता है कि वह पहले भी कई बार जेल जा चुका है।
कई दिनों तक पुलिस की पकड़ से बाहर रहने के बाद झांसी से हुई गिरफ्तारी ने मामले को एक बार फिर सुर्खियों में ला दिया है। अब पुलिस की पूछताछ में कई अहम जानकारियां सामने आने की उम्मीद है। माना जा रहा है कि देहरादून पुलिस जल्द ही पूरे मामले का विस्तृत खुलासा कर सकती है।

