‘क्षणभंगुर जीवन की स्थायी समस्याएँ’ में मानवीय व्यवहार, सपनों और असुरक्षाओं की दिलचस्प पड़ताल
विपुल जोशी की ज्योतिष पर लिखी पुस्तकों को भी मिली बड़ी पाठक संख्या, पॉडकास्ट 40 से अधिक देशों तक पहुंचे
हल्द्वानी (नैनीताल): लेखक विपुल जोशी की नई पुस्तक ‘क्षणभंगुर जीवन की स्थायी समस्याएँ (मनोवैज्ञानिक चुगलियाँ)’ पाठकों के लिए उपलब्ध हो गई है। व्यावहारिक मनोविज्ञान पर आधारित यह किताब रोजमर्रा की जिंदगी में घटने वाली घटनाओं और इंसानी व्यवहार के उन पहलुओं को सामने लाती है, जिन्हें लोग अक्सर नजरअंदाज कर देते हैं। पुस्तक को अमेजन, फ्लिपकार्ट और बुक्स इंडिया के माध्यम से खरीदा जा सकता है।

इस पुस्तक में इंसान की प्राथमिकताओं, सपनों, इच्छाओं और असुरक्षाओं को मनोवैज्ञानिक नजरिये से समझने की कोशिश की गई है। इसकी खास बात यह है कि लेखक ने मनोविज्ञान को किताबी सिद्धांतों तक सीमित रखने के बजाय आम जिंदगी से जुड़े उदाहरणों के जरिए विषय को रोचक बनाया है। इसमें आसपास के लोगों, सामाजिक परिवेश और दैनिक जीवन में सामने आने वाले किरदारों के व्यवहार को आधार बनाया गया है।
लेखक का मानना है कि पुस्तक के कई प्रसंग पाठकों को अपने जीवन, मित्रों या परिचितों की घटनाओं से जुड़े महसूस हो सकते हैं। यही वजह है कि इसमें मनोविज्ञान को कक्षाओं और प्रयोगशालाओं से निकालकर आम आदमी की जिंदगी, भीड़ और बाजार के बीच समझने का प्रयास किया गया है।
ज्योतिष की पुस्तकों से भी बना चुके हैं पहचान
विपुल जोशी इससे पहले ज्योतिष विषय पर ‘तार्किक ज्योतिष भाग-1’ और ‘तार्किक ज्योतिष भाग-2’ लिख चुके हैं। उनकी पहली पुस्तक का अंग्रेजी अनुवाद सौरभ पाठक ने ‘लॉजिकल एस्ट्रोलॉजी’ नाम से किया है। लेखक के अनुसार, इस पुस्तक को किंडल पर अब तक 86 हजार से अधिक पृष्ठ पढ़े जा चुके हैं। इसके अलावा उनकी कविता और स्वतंत्र विचारों से जुड़ी तीन अन्य पुस्तकें भी किंडल पर उपलब्ध हैं। ज्योतिष विषय पर विपुल जोशी के पॉडकास्ट भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहुंच बना चुके हैं और 40 से अधिक देशों में सुने जा चुके हैं।
मानवीय व्यवहार को समझने की नई कोशिश
नई पुस्तक के जरिए लेखक ने मनुष्य के सोचने, व्यवहार करने और जीवन में प्राथमिकताएं तय करने के पीछे छिपे मनोवैज्ञानिक पहलुओं को रोचक अंदाज में प्रस्तुत किया है। पुस्तक उन पाठकों के लिए खास हो सकती है, जिन्हें मनोविज्ञान, सामाजिक व्यवहार और मानवीय स्वभाव को करीब से समझने में रुचि है।

