Uttarakhand: डबल मर्डर केस का खुलासा…चाचा-चाची की हत्या कर फरार हुआ भतीजा गिरफ्तार, लोहे की रॉड बरामद

खबर शेयर करें

बागेश्वर। जिले के बैजनाथ थाना क्षेत्र के ग्राम नरग्वाड़ी में हुए सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। बुजुर्ग दंपति की हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी गोविंद बल्लभ खोलिया (52) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई लोहे की रॉड भी बरामद कर ली गई है। पुलिस के मुताबिक, दोनों परिवारों के बीच पिछले करीब 10 वर्षों से चल रही रंजिश इस वारदात की वजह बनी।

जानकारी के अनुसार, रविवार रात करीब 8:30 बजे घटना के दौरान मृतक दंपति के टीटबाजार निवासी पोते निखिल खोलिया ने डायल 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही बैजनाथ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और खून से लथपथ हालत में मिले बुजुर्ग पूरन चंद्र खोलिया (70) और उनकी पत्नी भगवती देवी (62) को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बैजनाथ पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल में चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

यह भी पढ़ें 👉  राष्ट्रपति के आगमन पर नैनीताल में लागू रहेगा विशेष ट्रैफिक प्लान, 03 व 04 नवम्बर को नैनीताल–हल्द्वानी मार्ग पर भारी वाहनों की एंट्री बंद...Video

10 साल पुरानी रंजिश में चाचा-चाची की हत्या

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी गोविंद बल्लभ खोलिया कथित तौर पर अत्यधिक नशे की हालत में था। दोनों परिवारों के बीच करीब 10 साल पहले से हत्या के प्रयास का मुकदमा चल रहा था। इसी मुकदमे को लेकर दोनों पक्षों के बीच अक्सर विवाद और कहासुनी होती रहती थी। पुलिस के अनुसार, आरोपी का पूर्व में भी राजस्व पुलिस क्षेत्र गागरीगोल में हत्या के प्रयास से संबंधित आपराधिक इतिहास रहा है।

यह भी पढ़ें 👉  Uttarakhand: जून में फिर बढ़ेगा बिजली का बिल, यूपीसीएल ने जारी की नई एफपीपीसीए दरें

घटना वाली रात आरोपी लोहे की रॉड लेकर घर में घुसा और अपने चाचा पूरन चंद्र खोलिया तथा चाची भगवती देवी पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि इस दौरान आरोपी की पत्नी ने भी पीड़ित दंपति को बचाने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी ने दोनों पर लगातार वार किए, जिससे उनकी मौत हो गई।

वारदात के बाद खुद प्रधान को दी जानकारी, फिर हुआ फरार

पुलिस के मुताबिक, वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी खुद ग्राम प्रधान के पास पहुंचा और घटना की जानकारी दी। हालांकि, अचानक मिली इस सूचना पर प्रधान को विश्वास नहीं हुआ। इसके बाद आरोपी अमोली के रास्ते नदी पार कर फरार हो गया।

यह भी पढ़ें 👉  सैफ अली खान पर घर में घुसकर हमला, लीलावती अस्पताल में भर्ती

पांच थानों और एसओजी की टीम ने घेराबंदी कर दबोचा

दोहरे हत्याकांड की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक जितेंद्र मेहरा और क्षेत्राधिकारी अजय साह के पर्यवेक्षण में आरोपी की तलाश शुरू की गई। बैजनाथ, कौसानी, कपकोट, झिरौली थाना पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर क्षेत्र में घेराबंदी की।

पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के दौरान आरोपी को कौसानी से पहले गिरफ्तार कर लिया गया। उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल की गई लोहे की रॉड भी बरामद कर ली गई है।

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page