आत्मसम्मान को बताया सबसे बड़ी चीज, वायरल वीडियो में मंच से दिया बयान, दलेर मेहंदी प्रकरण को लेकर फिर गरमाया विवाद
देहरादून। पंजाबी गायक दलेर मेहंदी और उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल के बीच हुआ विवाद एक बार फिर सुर्खियों में है। मंत्री सुबोध उनियाल का एक नया वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह अपने बयान पर अडिग नजर आ रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान मंच से उन्होंने साफ शब्दों में कहा, “मैं इस्तीफा देना पसंद करूंगा, माफी नहीं मांगूंगा। जीवन में आत्मसम्मान बहुत बड़ी चीज है।” उनके इस बयान के बाद एक बार फिर राजनीतिक और सांस्कृतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।
दरअसल, बीते दिनों टिहरी में आयोजित कुंजापुरी मेले की सांस्कृतिक संध्या में पंजाबी गायक दलेर मेहंदी की प्रस्तुति के दौरान विवाद हो गया था। बताया गया कि 18 अक्टूबर को आयोजित कार्यक्रम में प्रस्तुति देते समय दलेर मेहंदी की आवाज लड़खड़ा रही थी। इस पर कार्यक्रम में मौजूद कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल नाराज हो गए और मंच पर पहुंचकर गायक को टोक दिया।
मंत्री ने उस दौरान कहा था कि दलेर मेहंदी को इसलिए आमंत्रित किया गया है, ताकि स्थानीय लोगों का मनोरंजन हो सके। उन्होंने कहा, “आपको इसलिए बुलाया गया था कि हमारे लोगों का एंटरटेनमेंट हो। यह गलत बात है, बड़े नाम की इज्जत रखनी चाहिए। आपसे ठीक से बोला भी नहीं जा रहा है, गाना क्या गाएंगे।”
मंत्री की टिप्पणी पर दलेर मेहंदी ने भी प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने कहा कि मंत्री ने उन्हें सम्मान के साथ आमंत्रित किया है और उनसे अनुरोध किया कि वह पंडाल में बैठ जाएं, ताकि वे अपनी प्रस्तुति जारी रख सकें।
35 लाख रुपये फीस और नशे वाली टिप्पणी से बढ़ा विवाद
विवाद के बाद सुबोध उनियाल का एक बयान भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें उन्होंने कहा था कि उन्हें लगा कि दलेर मेहंदी नशे में हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया था कि उन्हें नहीं पता कि नशा किस चीज का था और इतने बड़े कलाकार का मेडिकल परीक्षण कराना उनके लिए संभव नहीं था।
मंत्री ने बताया था कि बाद में उन्हें जानकारी मिली कि गायक की तबीयत खराब थी। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि उनकी तबीयत ठीक नहीं थी तो कार्यक्रम आयोजकों या वहां मौजूद लोगों को इसकी जानकारी देनी चाहिए थी अथवा उन्हें कार्यक्रम में नहीं आना चाहिए था।
सुबोध उनियाल ने यह भी दावा किया था कि कार्यक्रम में आने के लिए दलेर मेहंदी को 35 लाख रुपये दिए गए थे और उनके ठहरने के लिए होटल की अलग से व्यवस्था की गई थी। उन्होंने कहा कि उनका मकसद संगीत या किसी कलाकार को बदनाम करना नहीं था, लेकिन जब कलाकार करीब 45 मिनट तक ठीक से प्रस्तुति नहीं दे पाए तो जनप्रतिनिधि होने के नाते उन्होंने अपनी नाराजगी जाहिर की।
मीका सिंह और कपिल शर्मा ने जताई थी नाराजगी
दलेर मेहंदी को लेकर मंत्री की टिप्पणी सामने आने के बाद मनोरंजन जगत से भी प्रतिक्रियाएं आई थीं। बॉलीवुड सिंगर मीका सिंह, कॉमेडियन कपिल शर्मा समेत कई लोगों ने इस पूरे घटनाक्रम पर नाराजगी जताई थी। मामला तूल पकड़ने के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी हस्तक्षेप किया।
मुख्यमंत्री धामी ने गायक मीका सिंह से फोन पर बातचीत कर विवाद के संबंध में चर्चा की थी। उन्होंने कहा था कि किसी भी तरह की गलतफहमी या मतभेद को आपसी संवाद और सौहार्दपूर्ण माहौल में दूर किया जाना चाहिए। इसके बाद मुख्यमंत्री ने दलेर मेहंदी से भी बातचीत की थी।
माफी नहीं, इस्तीफा देना पसंद करूंगा: सुबोध उनियाल
अब मंत्री सुबोध उनियाल का नया वीडियो सामने आने के बाद विवाद ने फिर तूल पकड़ लिया है। वायरल वीडियो में उनका कहना है कि वह अपने आत्मसम्मान से समझौता करने के बजाय इस्तीफा देना पसंद करेंगे, लेकिन माफी नहीं मांगेंगे। उनके इस बयान को दलेर मेहंदी प्रकरण से जोड़कर देखा जा रहा है।

