हल्द्वानी में संस्था की सराहनीय पहल, अध्यक्ष तनुजा जोशी बोलीं- जरूरतमंदों की सेवा ही संस्था का मुख्य उद्देश्य
हल्द्वानी। सर्दी का मौसम शुरू होते ही जरूरतमंदों की मदद के लिए सामाजिक संस्थाएं आगे आने लगी हैं। इसी क्रम में सेल्फ रिलायंस इनीशियेटिव्स की ओर से सोमवार को हल्द्वानी स्थित कुष्ठ आश्रम में कंबल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान आश्रम में रहने वाले जरूरतमंद लोगों को ठंड से बचाव के लिए गर्म कंबल वितरित किए गए।
कार्यक्रम में संस्था की अध्यक्ष तनुजा जोशी, सचिव गौरव जोशी, उपाध्यक्ष राधा मिश्रा के साथ ही दीपा कोश्यारी और आरती पपोला मौजूद रहीं। संस्था के पदाधिकारियों ने जरूरतमंदों को कंबल वितरित कर उनके बेहतर स्वास्थ्य और सुखद जीवन की कामना की।
इस अवसर पर संस्था अध्यक्ष तनुजा जोशी ने कहा कि सेल्फ रिलायंस इनीशियेटिव्स समय-समय पर सामाजिक सरोकारों से जुड़े सेवा कार्य करती रहती है। ठंड के मौसम को देखते हुए असहाय, बुजुर्ग और जरूरतमंद लोगों की मदद करना संस्था का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि समाज के जरूरतमंद वर्ग तक सहायता पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने यह भी कहा कि संस्था भविष्य में भी इसी तरह के सामाजिक और जनसेवा से जुड़े कार्य निरंतर जारी रखेगी।

