Uttarakhand: पत्नी के प्रेम संबंध का पता चला तो रची हत्या की साजिश, जंगल में ले जाकर पति को मार डाला

खबर शेयर करें

देहरादून। प्रेमनगर के मांडूवाला में डॉल्फिन कॉलेज के पास जंगल में मिली युवक की लाश के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। हत्या के पीछे कोई अनजान दुश्मन नहीं, बल्कि मृतक की पत्नी और उसका प्रेमी निकले। पुलिस के मुताबिक, पत्नी के प्रेम संबंध का पता चलने के बाद पति ने दोनों को जान से मारने और उनका राज लोगों के सामने खोलने की धमकी दी थी। इसके बाद पत्नी और उसके प्रेमी ने मिलकर उसे रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली।

तीन अक्टूबर को कंट्रोल रूम से सूचना मिली थी कि डॉल्फिन कॉलेज के पास जंगल की खाई में एक व्यक्ति का शव पड़ा है। सूचना मिलते ही प्रेमनगर पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक की पहचान मदन मुखिया (38), निवासी बोनगांव, सहरसा, बिहार के रूप में हुई। मदन मांडूवाला के झाझरा में रह रहा था। उसकी गर्दन पर धारदार हथियार से वार के निशान मिले थे। फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और मकान मालिक की तहरीर पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज किया।

यह भी पढ़ें 👉  न्यू ईयर ईव पर अमेरिका में बड़ा आतंकी हमला टला, आईएसआईएस समर्थक 18 वर्षीय युवक गिरफ्तार

हत्या की गुत्थी सुलझाने के लिए एसएसपी के निर्देश पर कई पुलिस टीमें लगाई गईं। घटनास्थल और आसपास के रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। क्षेत्र में रहने वाले मजदूरों का सत्यापन करने के साथ मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया। जांच के दौरान पुलिस को अहम सुराग मिला और मांडूवाला स्थित बाला सुंदरी मंदिर के पास से ललन शर्मा (23) को पकड़ लिया गया।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में ललन ने मदन की हत्या में शामिल होने की बात कबूल की। इसके बाद पुलिस ने मृतक की पत्नी मीना को भी गिरफ्तार कर लिया। ललन की निशानदेही पर पुलिस ने घटनास्थल के पास झाड़ियों से हत्या में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया।

यह भी पढ़ें 👉  Uttarakhand: हल्द्वानी के कौस्तुभ भट्ट ने तैराकी में जीता स्वर्ण, मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी में चमकाया नाम

जांच में सामने आया कि ललन मजदूरी करता है और मदन का पड़ोसी था। पिछले दो-तीन साल से उसके मदन की पत्नी मीना के साथ प्रेम संबंध थे। कुछ दिन पहले मदन को इस रिश्ते की भनक लग गई। पुलिस के मुताबिक, मदन ने ललन का मोबाइल फोन चेक किया तो उसमें मीना के साथ उसकी फोटो और वीडियो मिले। इसके बाद मदन ने दोनों को जान से मारने की धमकी दी और उनके संबंधों की जानकारी लोगों को देने की बात कही।

यह भी पढ़ें 👉  राशिफल 1 फरवरी 2026

मदन की धमकी के बाद ललन और मीना ने कथित तौर पर उसकी हत्या की योजना बनाई। योजना के मुताबिक ललन शराब पिलाने के बहाने मदन को डॉल्फिन कॉलेज के पास जंगल में ले गया। वहां नशे की हालत में ललन ने मीना के साथ मिलकर धारदार हथियार से मदन पर हमला कर दिया। हत्या के बाद दोनों ने शव को खाई में फेंक दिया और चाकू झाड़ियों में छिपा दिया।

पुलिस की जांच और पूछताछ के बाद अब इस मामले में पति की हत्या की साजिश का राज खुल चुका है। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और हत्या से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है।

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page