देहरादून। उत्तराखंड में रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में केंद्र सरकार ने हरिद्वार को तीन महत्वपूर्ण रेल सेवाओं की सौगात दी है। रेलवे मंत्रालय ने बांद्रा टर्मिनस–दिल्ली सराय रोहिल्ला गरीब रथ एक्सप्रेस का हरिद्वार तक विस्तार करने के साथ ही हरिद्वार से वेरावल और ओखा के लिए दो नई एसी एक्सप्रेस ट्रेनों के संचालन को मंजूरी दी है।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र भेजकर इन सेवाओं की स्वीकृति की जानकारी दी है। इन रेल सेवाओं के शुरू होने से हरिद्वार की देश के पश्चिमी हिस्सों से कनेक्टिविटी और बेहतर होने की उम्मीद है।
गरीब रथ अब हरिद्वार तक
रेलवे के फैसले के तहत बांद्रा टर्मिनस–दिल्ली सराय रोहिल्ला गरीब रथ एक्सप्रेस का संचालन अब हरिद्वार तक किया जाएगा। इससे दिल्ली और मुंबई क्षेत्र से हरिद्वार आने वाले यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा मिलेगी।
इसके साथ ही हरिद्वार–वेरावल एसी एक्सप्रेस और हरिद्वार–ओखा एसी एक्सप्रेस के संचालन को भी मंजूरी दी गई है। इन दोनों ट्रेनों से हरिद्वार की गुजरात के प्रमुख धार्मिक और पर्यटन क्षेत्रों से सीधी रेल कनेक्टिविटी मजबूत होगी।
तीर्थयात्रियों और पर्यटकों को मिलेगा फायदा
हरिद्वार उत्तराखंड का प्रमुख धार्मिक केंद्र होने के साथ ही देशभर से आने वाले यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण रेल जंक्शन है। नई रेल सेवाओं से तीर्थयात्रियों, पर्यटकों, व्यापारियों, विद्यार्थियों और आम यात्रियों को सुविधा मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रेल सेवाओं की स्वीकृति के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार जताया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की धार्मिक, पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को गति देने में बेहतर रेल कनेक्टिविटी की महत्वपूर्ण भूमिका है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से प्रदेश में रेल सेवाओं का लगातार विस्तार हो रहा है। नई सेवाओं से यात्रियों की सुविधा बढ़ने के साथ ही उत्तराखंड और देश के अन्य हिस्सों के बीच संपर्क भी और मजबूत होगा।

