Uttarakhand: हल्द्वानी में भीषण सड़क हादसा…दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में दो युवकों की मौत, शादी का कार्ड बांटकर लौट रहा था राजीव

खबर शेयर करें

हल्द्वानी। उत्तराखंड के हल्द्वानी में सोमवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा रामपुर रोड पर बेलबाबा के पास दो बाइकों की आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत के कारण हुआ। मृतकों की पहचान ऊधमसिंह नगर जिले के रुद्रपुर निवासी राजीव गुप्ता (29) और कालाढूंगी निवासी सौरभ बिष्ट (29) के रूप में हुई है। सौरभ ग्राम विकास अधिकारी के पद पर कार्यरत थे।

भांजी की शादी का कार्ड बांटकर लौट रहा था राजीव

जानकारी के अनुसार, रुद्रपुर के रम्पुरा निवासी राजीव गुप्ता सोमवार को अपने बहनोई प्रेम शंकर के साथ हल्द्वानी आए थे। दोनों यहां राजीव की भांजी भावना की शादी के निमंत्रण कार्ड बांटने के बाद बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान शाम करीब सात बजे रामपुर रोड पर बेलबाबा के पास उनकी बाइक सामने से आ रही दूसरी बाइक से टकरा गई।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी: टीबी के जटिल रूप पर मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों का मंथन, विशेषज्ञों ने साझा की अहम जानकारियां

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइकों पर सवार लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में राजीव गुप्ता और दूसरी बाइक के चालक सौरभ बिष्ट की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, राजीव के बहनोई प्रेम शंकर गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल (एसटीएच) में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।

यह भी पढ़ें 👉  Uttarakhand: टीएचडीसी टनल हादसा...लापता दोनों श्रमिकों के शव बरामद, रेस्क्यू अभियान पूरा

15 नवंबर को होनी है भांजी की शादी

हादसे की सूचना मिलते ही राजीव के परिजन एसटीएच पहुंच गए। परिवार के मुताबिक, राजीव की भांजी भावना की शादी आगामी 15 नवंबर को होनी है। इसी सिलसिले में राजीव हल्द्वानी में शादी के कार्ड बांटने आए थे। परिवार में शादी की तैयारियों के बीच हुए इस हादसे से खुशियों का माहौल मातम में बदल गया।

यह भी पढ़ें 👉  नैनीताल जिले में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, 1 सितंबर को सभी स्कूल-कॉलेज बंद

पुलिस ने शव मोर्चरी भेजे, हादसे की जांच शुरू

एसपी सिटी हरबंस सिंह ने बताया कि हादसे में जान गंवाने वाले दोनों युवकों के शव मोर्चरी में रखवा दिए गए हैं। घायल का अस्पताल में उपचार चल रहा है। फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस दुर्घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page