धनतेरस की सुबह शेरपुर में एसटीएफ और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़, दो पिस्तौल और एक देसी कट्टा बरामद
पटना। बिहार की राजधानी पटना में पैक्स अध्यक्ष संजीत कुमार उर्फ भोलू हत्याकांड के आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। शुक्रवार तड़के धनतेरस के दिन मनेर थाना क्षेत्र के शेरपुर गंगा नदी इलाके में एसटीएफ और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने मुठभेड़ में तीन बदमाशों को मार गिराया। इस दौरान मनेर थानाध्यक्ष रजनीश कुमार के बाएं हाथ में गोली लग गई। घायल थानाध्यक्ष को उपचार के लिए पटना भेजा गया है।
पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ में मारे गए अपराधियों की पहचान जेपी यादव, सूरज कुमार उर्फ राजा शर्मा और बबलू कुमार के रूप में हुई है। तीनों 19 अक्टूबर को पैक्स अध्यक्ष संजीत कुमार उर्फ भोलू की हत्या में वांछित थे। जांच में सूरज और बबलू की भूमिका शूटर के रूप में सामने आई थी, जबकि जेपी यादव को हत्या की साजिश का मुख्य आरोपी बताया गया है। पुलिस के अनुसार, तीनों पेशेवर अपराधी थे और सुपारी लेकर हत्याओं को अंजाम देते थे।
दो बाइक पर आए थे चार नकाबपोश हमलावर
दरअसल, 19 अक्टूबर की रात मनेर थाना क्षेत्र में पैक्स अध्यक्ष संजीत कुमार और पिंटू कुमार अपने दलान पर बैठे थे। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार नकाबपोश बदमाश वहां पहुंचे और दोनों पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। हमलावरों ने करीब एक दर्जन गोलियां चलाईं, जिसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
परिजन दोनों को तत्काल अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान संजीत कुमार उर्फ भोलू की मौत हो गई। वहीं, प्रखंड प्रमुख के पति पिंटू कुमार की जांघ में गोली लगी थी। इस सनसनीखेज हत्याकांड के बाद से ही पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी।
घेराबंदी के दौरान शुरू हुई गोलीबारी
पुलिस को शेरपुर गंगा नदी इलाके में अपराधियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी। इसके बाद एसटीएफ और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने इलाके की घेराबंदी की। इसी दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई। दोनों ओर से हुई गोलीबारी में तीनों आरोपी मारे गए, जबकि मनेर थानाध्यक्ष रजनीश कुमार घायल हो गए।
दानापुर-2 के एसडीपीओ एके झा के अनुसार, मारे गए तीनों अपराधी कई थानों में वांछित थे। घटनास्थल से दो पिस्तौल, एक देसी कट्टा और कई खाली कारतूस बरामद किए गए हैं। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस अब हत्याकांड से जुड़े अन्य पहलुओं और अपराधियों के नेटवर्क की भी जांच कर रही है।

