देहरादून। महंगाई की मार झेल रहे उत्तराखंड के सरकारी कर्मचारियों को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बड़ी राहत दी है। मुख्यमंत्री ने कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (डीए) में तीन प्रतिशत वृद्धि के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इसके साथ ही कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 60 प्रतिशत से बढ़कर 63 प्रतिशत हो जाएगा। बढ़ी हुई दर का लाभ एक जुलाई 2026 से मिलेगा।
केंद्र सरकार की ओर से सातवें केंद्रीय वेतन आयोग के तहत वेतन प्राप्त कर रहे कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में तीन प्रतिशत वृद्धि किए जाने के बाद राज्य सरकार ने भी अपने कर्मचारियों को केंद्र के समान लाभ देने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री की मंजूरी के बाद राज्य कर्मचारियों के डीए में वृद्धि का रास्ता साफ हो गया है।
इन कर्मचारियों को भी मिलेगा लाभ
महंगाई भत्ते में वृद्धि का लाभ राज्य सरकार के कार्मिकों के साथ ही स्थानीय निकायों, सहायता प्राप्त शिक्षण संस्थानों, राजकीय विश्वविद्यालयों, प्राविधिक शिक्षण संस्थानों तथा यूजीसी वेतनमान के तहत कार्यरत पात्र कर्मचारियों को भी मिलेगा। इससे विभिन्न विभागों और संस्थानों में कार्यरत कर्मचारियों को आर्थिक राहत मिलेगी।
चार माह का एरियर नकद मिलेगा
मुख्यमंत्री की स्वीकृति के अनुसार पात्र कर्मचारियों को एक जुलाई से 31 अक्टूबर 2026 तक की अवधि के महंगाई भत्ते के अंतर का भुगतान एरियर के रूप में नकद किया जाएगा। यानी कर्मचारियों को बढ़े हुए डीए के साथ पिछले चार माह का बकाया भी मिलेगा।
सरकार के इस फैसले से कर्मचारियों की मासिक आय में बढ़ोतरी होगी और महंगाई के बीच उन्हें आर्थिक राहत मिलेगी। केंद्र के समान महंगाई भत्ता देने के निर्णय को राज्य कर्मचारियों के हित में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

