Uttarakhand: मैगी बनाते समय छोटे सिलेंडर से गैस लीक…कमरे में भड़की आग, पिता और दो बच्चे गंभीर झुलसे

खबर शेयर करें

रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप क्षेत्र के शिमला बहादुर में शनिवार सुबह उस समय अफरातफरी मच गई, जब एक घर के कमरे में मैगी बनाते समय छोटे एलपीजी सिलेंडर से गैस रिसाव होने के बाद अचानक आग भड़क उठी। आग की चपेट में आने से पिता और उनके दो बच्चे गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे के बाद आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया।

स्थानीय लोगों ने किसी तरह आग पर काबू पाने का प्रयास किया और तीनों घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बरेली रेफर कर दिया।

यह भी पढ़ें 👉  Uttarakhand: शादी से इनकार पर कोतवाली गेट बना रणक्षेत्र, प्रेमिका ने युवक पर बरसाईं चप्पलें, पुलिस ने कराया बचाव

जानकारी के अनुसार वार्ड नंबर एक शिमला बहादुर निवासी नितेश ममगाई अपने बच्चों आदि (9) और इशिका (11) के साथ रहते हैं। बताया गया कि शनिवार सुबह नितेश अपने बच्चों के लिए कमरे में मैगी बना रहे थे। इसी दौरान छोटे एलपीजी सिलेंडर से अचानक गैस का रिसाव होने लगा। कमरे में गैस फैलने के कुछ ही देर बाद आग ने विकराल रूप ले लिया।

आग इतनी तेजी से भड़की कि नितेश और उनके दोनों बच्चे उसकी चपेट में आ गए। तीनों गंभीर रूप से झुलस गए। आग की लपटें देखकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल बचाव का प्रयास शुरू किया। लोगों ने किसी तरह आग पर काबू पाया और झुलसे पिता व दोनों बच्चों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया।

यह भी पढ़ें 👉  Uttarakhand Weather Update: ऊंचाई वाले इलाकों में फिर बदलेगा मौसम, आज बारिश-बर्फबारी के आसार

अस्पताल में चिकित्सकों ने तीनों का प्राथमिक उपचार किया। हालांकि, शरीर के कई हिस्सों में गंभीर रूप से झुलसने के कारण उनकी हालत चिंताजनक बताई गई। बेहतर उपचार के लिए डॉक्टरों ने नितेश और दोनों बच्चों को बरेली स्थित राममूर्ति अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन उन्हें लेकर बरेली रवाना हो गए, जहां उनका उपचार जारी है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद रुद्रपुर के मेयर विकास शर्मा भी जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों का हालचाल जाना और परिजनों से हादसे की जानकारी ली। मेयर ने चिकित्सकों से घायलों की स्थिति के बारे में जानकारी लेने के साथ ही परिजनों को बेहतर उपचार के लिए हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।

यह भी पढ़ें 👉  Uttarakhand: निशानेबाज जसपाल राणा के निधन के सदमे से नहीं उबर पाईं मां, श्यामा देवी राणा का भी निधन

इधर, हादसे को लेकर दमकल विभाग का कहना है कि उसे घटना की कोई आधिकारिक सूचना नहीं मिली। एफएसओ महेंद्र चंद्र ने बताया कि विभाग को आग लगने की सूचना नहीं दी गई थी। हालांकि, शिमला बहादुर क्षेत्र के एक मकान में आग की चपेट में आने से तीन लोगों के झुलसने की जानकारी मिली है।

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page