छह माह की गर्भवती की हत्या…पति पर गला दबाकर बाल्टी में सिर डुबोने का आरोप, वारदात के बाद फरार

खबर शेयर करें

फरीदाबाद। हरियाणा के फरीदाबाद जिले के पल्ला थाना क्षेत्र में छह माह की गर्भवती महिला की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतका के परिजनों ने उसके पति पर घरेलू विवाद के बाद पहले गला दबाने और फिर पानी से भरी बाल्टी में सिर डुबोकर हत्या करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान 26 वर्षीय नेहा कुमारी के रूप में हुई है। वह मूल रूप से बिहार के मुजफ्फरपुर की रहने वाली थी, जबकि उसका पति अमित गुप्ता उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले का निवासी है। दोनों की शादी 30 अप्रैल 2025 को हुई थी और वर्तमान में पल्ला थाना क्षेत्र की पंचशील कॉलोनी पार्ट-2 में रह रहे थे।

यह भी पढ़ें 👉  ब्रिटेन में बड़ा राजनीतिक भूचाल, प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने दिया इस्तीफा

परिजनों के मुताबिक अमित दिल्ली के लाजपत नगर स्थित एक निजी कंपनी में ग्राफिक डिजाइनर के पद पर कार्यरत है, लेकिन पिछले पांच दिनों से वह काम पर नहीं जा रहा था। गुरुवार सुबह नेहा ने उसे नौकरी पर जाने के लिए कहा, जिस पर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर अमित ने नेहा के साथ मारपीट की, फिर चुन्नी से उसका गला दबाया और बाद में पानी से भरी बाल्टी में सिर डुबोकर उसकी हत्या कर दी।

परिजनों का कहना है कि वारदात के समय नेहा छह माह की गर्भवती थी। परिवार अपने पहले बच्चे के आगमन को लेकर बेहद उत्साहित था। शादी के बाद दोनों भविष्य की योजनाएं बना रहे थे और करीब एक माह पहले ही उन्होंने पंचशील कॉलोनी स्थित नए मकान में गृह प्रवेश किया था। परिवार को उम्मीद थी कि नए घर में उनकी नई जिंदगी खुशहाल होगी, लेकिन इस घटना ने सभी खुशियों को मातम में बदल दिया।

यह भी पढ़ें 👉  भीषण सड़क हादसा: खड़े ट्रक में पीछे से टकराईं दो रोडवेज बसें, 3 यात्रियों की मौत, 31 घायल

बताया गया है कि हत्या के बाद अमित ने बदरपुर बॉर्डर के पास अलीपुर गांव में रहने वाले अपने चाचा को फोन कर घटना की जानकारी दी। आरोप है कि उसने कहा कि उसने पत्नी की हत्या कर दी है और अब आगे क्या करना है, यह वह देख लें। इसके बाद आरोपी घर से फरार हो गया। उसका मोबाइल फोन भी बंद बताया जा रहा है।

घटना की सूचना मिलने पर पल्ला थाना पुलिस, क्राइम ब्रांच और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया। घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य भी जुटाए गए हैं।

पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच रिपोर्ट मिलने के बाद मौत के कारणों की पुष्टि होगी। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। उसके रिश्तेदारों और परिचितों से भी पूछताछ की जा रही है।

यह भी पढ़ें 👉  अमेरिकी टैरिफ से भारत को फायदा, इलेक्ट्रॉनिक्स सेक्टर को मिलेगा बढ़ावा

परिजनों ने आरोप लगाया है कि अमित अक्सर छोटी-छोटी बातों पर नेहा के साथ विवाद करता था। घटना वाले दिन भी दोनों के बीच इसी बात को लेकर विवाद हुआ था कि अमित कई दिनों से काम पर नहीं जा रहा था। हालांकि पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने आने की उम्मीद जताई जा रही है।

ADVERTISEMENTS Ad

You cannot copy content of this page