Nainital: वीकेंड पर कैंची धाम जाने वालों के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी जारी…कई मार्गों पर रहेगा डायवर्जन, शटल सेवा से होगी आवाजाही

खबर शेयर करें

नैनीताल। वीकेंड पर कैंची धाम, भवाली और भीमताल क्षेत्र में श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने विशेष यातायात एवं डायवर्जन प्लान लागू किया है। यह व्यवस्था प्रत्येक शनिवार और रविवार को प्रभावी रहेगी, ताकि यातायात सुचारु बना रहे और लोगों को जाम की समस्या से राहत मिल सके।

पुलिस प्रशासन के अनुसार अल्मोड़ा और रानीखेत की ओर से हल्द्वानी आने वाले भारी वाहनों को क्वारब और खैरना से डायवर्ट कर रामगढ़–मुक्तेश्वर मार्ग से हल्द्वानी भेजा जाएगा। वहीं हल्द्वानी से पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले आवश्यक सेवाओं से जुड़े भारी वाहनों को निर्धारित मार्ग से आवागमन की अनुमति रहेगी। अन्य भारी वाहनों को यातायात का दबाव बढ़ने पर भवाली के मस्जिद तिराहे पर रोका जाएगा अथवा रामगढ़ और खुटानी मार्ग से उनके गंतव्य की ओर भेजा जाएगा।

यह भी पढ़ें 👉  Haldwani: 12 और निजी स्कूलों को कारण बताओ नोटिस, अब तक 101 संस्थान कार्रवाई के घेरे में

भीमताल मार्ग से कैंची धाम जाने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों के निजी वाहनों को विकास भवन पार्किंग, भीमताल में पार्क कराया जाएगा। यहां से यात्रियों को स्थानीय शटल सेवा के माध्यम से कैंची धाम और भवाली तक पहुंचाया जाएगा।

यह भी पढ़ें 👉  कालाढूंगी में अवैध कच्ची शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार, 36 पाउच बरामद

इसी प्रकार गेठिया और नैनीताल मार्ग से आने वाले निजी वाहनों को भवाली स्थित सैनेटोरियम पार्किंग में पार्क करना होगा। वहां से भी श्रद्धालुओं और पर्यटकों को शटल सेवा के जरिए कैंची धाम भेजा जाएगा।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि वीकेंड के दौरान कैंची धाम क्षेत्र में टैक्सी और दोपहिया वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। ऐसे सभी वाहनों को सैनेटोरियम पार्किंग में खड़ा कराया जाएगा और यात्रियों को शटल सेवा के माध्यम से मंदिर तक पहुंचाया जाएगा।

यह भी पढ़ें 👉  Haldwani: उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय का भव्य दीक्षांत समारोह सम्पन्न, 18,146 विद्यार्थियों को मिली उपाधियाँ

नैनीताल पुलिस ने सभी पर्यटकों, श्रद्धालुओं, वाहन स्वामियों और चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित यातायात एवं डायवर्जन व्यवस्था का पालन करें, अनावश्यक रूप से सड़क किनारे वाहन खड़े न करें तथा सुगम और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस प्रशासन का सहयोग करें। पुलिस का कहना है कि बढ़ती भीड़ को देखते हुए आवश्यकता पड़ने पर यातायात व्यवस्था में परिस्थितियों के अनुसार बदलाव भी किया जा सकता है।

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page