रुद्रपुर। शहर के सिडकुल चौराहे के पास शुक्रवार सुबह अमोनिया गैस के रिसाव से हड़कंप मच गया। एक टैंकर से गैस लीक होने के कारण आसपास के क्षेत्र में तेज दुर्गंध फैल गई, जिससे राहगीरों और स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही अग्निशमन, पुलिस और आपदा प्रबंधन की टीमें मौके पर पहुंच गईं और संयुक्त रूप से राहत एवं नियंत्रण अभियान शुरू किया।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 6:45 बजे सिडकुल चौराहे के निकट खड़े एक टैंकर से अमोनिया गैस का रिसाव शुरू हो गया। देखते ही देखते गैस की तीखी गंध पूरे क्षेत्र में फैल गई। स्थिति को गंभीर देखते हुए आसपास मौजूद लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई।
सूचना मिलने पर अग्निशमन अधिकारी महेश चंद्र अपनी टीम के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने बजाज कंपनी के तकनीकी कर्मचारियों के सहयोग से गैस रिसाव को नियंत्रित करने का अभियान शुरू किया। अग्निशमन विभाग ने फायर टेंडर के पंपों के माध्यम से लगातार पानी का छिड़काव कर सड़क की धुलाई की, जिससे गैस के प्रभाव को कम किया जा सके।
राहत एवं बचाव अभियान के दौरान स्थानीय पुलिस ने क्षेत्र में यातायात को नियंत्रित किया और लोगों को प्रभावित स्थान से दूर रखा। वहीं, राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) और जिला आपदा प्रबंधन की टीम भी मौके पर मौजूद रही और स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखी।
घटना की सूचना मिलने पर मुख्य अग्निशमन अधिकारी कटारिया भी मौके पर पहुंचे और राहत कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने अग्निशमन कर्मियों को निर्देश दिए कि जब तक अमोनिया गैस का रिसाव पूरी तरह नियंत्रित न हो जाए और क्षेत्र पूरी तरह सुरक्षित घोषित न कर दिया जाए, तब तक टीम घटनास्थल पर ही तैनात रहे।
समय रहते राहत एजेंसियों की सक्रियता से स्थिति पर काबू पा लिया गया। हालांकि, एहतियात के तौर पर क्षेत्र में कुछ समय तक लोगों की आवाजाही नियंत्रित रखी गई। प्रशासन ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है और गैस रिसाव के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

