शांतिपूर्ण मतदान के लिए चप्पे-चप्पे पर पुलिस की निगरानी, ड्रोन और बॉडी-वॉर्न कैमरों से भी नजर, क्यूआरटी टीमें अलर्ट
हल्द्वानी। एमबीपीजी कॉलेज हल्द्वानी में छात्रसंघ चुनाव के लिए मंगलवार सुबह 9 बजे से मतदान प्रक्रिया शुरू हो गई। मतदान शुरू होते ही बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए कॉलेज पहुंचने लगे। चुनाव को शांतिपूर्ण और निर्विवाद संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं।
एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में कॉलेज परिसर और आसपास पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर अधिकारियों की लगातार नजर बनी हुई है। एसपी क्राइम/ट्रैफिक नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र और एसपी सिटी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल मौके पर व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर रहे हैं और ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे हैं।
मतदान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने के लिए वर्दीधारी पुलिसकर्मियों के साथ-साथ सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी और एलआईयू की टीम भी तैनात की गई है। किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए फायर सर्विस की टीम और क्यूआरटी को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है।
ड्रोन और बॉडी-वॉर्न कैमरों से निगरानी
चुनाव के दौरान कॉलेज परिसर और आसपास की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए ड्रोन और बॉडी-वॉर्न कैमरों का इस्तेमाल किया जा रहा है। पुलिस संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी कर रही है, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति को समय रहते रोका जा सके।
वहीं, मतदान के दौरान शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस की टीमें लगातार भ्रमण कर रही हैं। जरूरत के अनुसार विभिन्न स्थानों पर डायवर्जन व्यवस्था लागू की गई है, ताकि मतदान केंद्र के आसपास जाम की स्थिति न बने।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि छात्रसंघ चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था प्रभावित करने या माहौल बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की ओर से मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सकुशल संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।

