इंदौर में इतिहास: न्यूजीलैंड ने पहली बार भारत में जीती वनडे सीरीज, कोहली का शतक भी नहीं दिला सका जीत

खबर शेयर करें

इंदौर। न्यूजीलैंड ने भारतीय सरजमीं पर पहली बार वनडे सीरीज जीतकर इतिहास रच दिया है। इंदौर के होलकर स्टेडियम में खेले गए तीसरे और अंतिम वनडे में कीवी टीम ने भारत को 41 रन से हराकर सीरीज अपने नाम कर ली। 338 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम 46 ओवर में 296 रन पर ऑलआउट हो गई। विराट कोहली ने 108 गेंदों में 124 रन की शानदार शतकीय पारी खेली, लेकिन वह टीम को जीत दिलाने में नाकाम रहे। खास बात यह रही कि होलकर स्टेडियम में यह भारतीय टीम की पहली हार है।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड में शराब के बढ़े दामों पर हाईकोर्ट की रोक, सरकार के नोटिफिकेशन पर लगाया स्टे

New Zealand Clinch Historic ODI Series Win in India: इससे पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने के बावजूद न्यूजीलैंड की शुरुआत बेहद खराब रही। भारतीय तेज गेंदबाजों ने शुरुआती ओवरों में मेहमान टीम को बैकफुट पर धकेल दिया और न्यूजीलैंड ने महज 58 रन पर अपने तीन विकेट गंवा दिए। अर्शदीप सिंह और हर्षित राणा की सटीक गेंदबाजी के सामने कीवी बल्लेबाज संघर्ष करते नजर आए। पहले दो ओवर में ही न्यूजीलैंड के दो विकेट गिर गए, जिसमें हेनरी निकोल्स बिना खाता खोले पवेलियन लौटे।

हालांकि इसके बाद डेरिल मिचेल और ग्लेन फिलिप्स ने पारी की तस्वीर ही बदल दी। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 188 गेंदों में 219 रन की जबरदस्त साझेदारी की। मिचेल ने संयमित अंदाज में 131 गेंदों पर 137 रन बनाए, जबकि फिलिप्स ने 88 गेंदों में 106 रन की तूफानी पारी खेली। दोनों बल्लेबाजों ने भारतीय गेंदबाजों पर दबाव बनाते हुए रन गति को तेजी से बढ़ाया।

यह भी पढ़ें 👉  थाईलैंड के फुकेट एयरपोर्ट पर एयर इंडिया की फ्लाइट में बम की धमकी, 156 यात्रियों के साथ आपात लैंडिंग

अंतिम ओवरों में भारत ने कुछ वापसी जरूर की और लगातार विकेट झटके, लेकिन तब तक न्यूजीलैंड मजबूत स्थिति में पहुंच चुका था। माइकल ब्रेसवेल की नाबाद 28 रन की तेज पारी की बदौलत कीवी टीम ने आठ विकेट पर 337 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी–देहरादून सीवरेज प्रोजेक्ट को मिली बड़ी मंजूरी, उच्च स्तरीय समिति की बैठक में हरी झंडी

जवाब में भारतीय पारी की शुरुआत उम्मीद के मुताबिक नहीं रही और विकेट गिरते रहे। विराट कोहली ने एक छोर संभालते हुए शानदार शतक जमाया, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से पर्याप्त सहयोग नहीं मिल सका। अंततः पूरी टीम 296 रन पर सिमट गई और न्यूजीलैंड ने 41 रन से मुकाबला जीतकर सीरीज पर कब्जा जमा लिया।

इस जीत के साथ न्यूजीलैंड ने न सिर्फ सीरीज जीती, बल्कि भारतीय धरती पर वनडे क्रिकेट में एक नया इतिहास भी लिख दिया।

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page