Nainital: धारी, ओखलकांडा और रामगढ़ ब्लॉक के सभी स्कूल 19 से 21 जनवरी तक रहेंगे बंद, DM ने जारी किया आदेश

खबर शेयर करें

नैनीताल। जनपद नैनीताल के धारी, ओखलकाण्डा और रामगढ़ विकासखंडों में मानव-वन्यजीव संघर्ष की बढ़ती घटनाओं और आदमखोर वन्यजीव की सक्रियता को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाया है। बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए इन क्षेत्रों में संचालित सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में तीन दिन का अवकाश घोषित किया गया है।

Schools Closed Due to Human-Wildlife Conflict in Nainital: जिला प्रशासन के अनुसार, इन पहाड़ी क्षेत्रों में भौगोलिक परिस्थितियों के चलते बच्चों को विद्यालय और आंगनबाड़ी केंद्रों तक पहुंचने के लिए सुनसान रास्तों, पगडंडियों और वन क्षेत्रों से होकर गुजरना पड़ता है। ऐसे में छोटे बच्चों और स्कूली छात्रों की जान-माल को गंभीर खतरा उत्पन्न हो सकता है। संभावित किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के उद्देश्य से शैक्षणिक गतिविधियों को अस्थायी रूप से स्थगित करने का निर्णय लिया गया है।

यह भी पढ़ें 👉  भारत-अमेरिका संबंधों में खटास: ट्रंप के टैरिफ हमले के जवाब में भारत ने F-35 फाइटर जेट डील पर लगाई ब्रेक

आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 के तहत जिला मजिस्ट्रेट को प्राप्त अधिकारों का प्रयोग करते हुए धारी, ओखलकाण्डा और रामगढ़ विकासखंडों में संचालित सभी शासकीय, अशासकीय, सहायता प्राप्त एवं निजी विद्यालयों (कक्षा 1 से 12 तक) और आंगनबाड़ी केंद्रों में दिनांक 19 जनवरी 2026 से 21 जनवरी 2026 तक तीन दिवसीय अवकाश घोषित किया गया है।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी: देवखड़ी नाले में जलस्तर बढ़ने से बाढ़ की स्थिति, 6 घायलों को सुरक्षित निकाला

यह आदेश छात्रों के साथ-साथ आंगनबाड़ी बच्चों, संबंधित विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों पर भी लागू होगा। सभी संबंधित कार्यालयाध्यक्षों को निर्देश दिए गए हैं कि इस अवधि में बच्चों को किसी भी स्थिति में विद्यालय या आंगनबाड़ी केंद्रों में न बुलाया जाए। साथ ही वन विभाग, पुलिस और आपदा प्रबंधन विभाग के साथ समन्वय बनाकर हालात की लगातार समीक्षा की जाएगी।

यह भी पढ़ें 👉  नैनीताल: घर में सो रही बुजुर्ग को खींच ले गया तेंदुआ, उपचार के दौरान मौत

जिला मजिस्ट्रेट ललित मोहन स्याल ने मुख्य शिक्षाधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देशित किया है कि इस आदेश की जानकारी समय रहते सभी विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से अभिभावकों तक पहुंचाई जाए। आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी प्रकार की लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है।

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page