हल्द्वानी/रामनगर। उम्र के 70वें पड़ाव पर भी जज्बा और फिटनेस कायम हो तो कोई भी मंजिल मुश्किल नहीं। रामनगर निवासी एवं सेवानिवृत्त कर्नल दिनेश बिष्ट ने नई दिल्ली में आयोजित सेखों इंडियन एयरफोर्स मैराथन-2026 में 10 किलोमीटर की दौड़ पूरी कर अपनी फिटनेस और अनुशासन का शानदार उदाहरण पेश किया। उन्होंने 10 किमी की दौड़ एक घंटा 18 मिनट में पूरी की।
रविवार, चार अक्टूबर को नई दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित सेखों इंडियन एयरफोर्स मैराथन में देशभर से 12 हजार से अधिक धावकों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में 21.1 किमी हाफ मैराथन, 10 किमी और पांच किमी की श्रेणियां शामिल थीं। भारतीय वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह ने सुबह 5:30 बजे मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
70 वर्ष की उम्र में 10 किलोमीटर की दौड़ पूरी करने वाले कर्नल दिनेश बिष्ट की उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि उन्होंने सैन्य सेवा के दौरान भी अपने साहस और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल कायम की है। वह सेना के जाने-माने और कुशल सर्जन रहे हैं। कारगिल युद्ध के दौरान उन्होंने मोर्चे पर दुश्मन से लोहा लेने के साथ ही घायल सैनिकों का उपचार कर उन्हें नया जीवन देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
सेवानिवृत्ति के बाद भी कर्नल बिष्ट सामाजिक और पूर्व सैनिकों से जुड़े कार्यों में सक्रिय हैं। वर्तमान में वह उत्तराखंड पूर्व सैनिक लीग रामनगर, हेमपुर, मोहान एवं बैपढ़ाव के अध्यक्ष हैं।
मैराथन में उनके शानदार प्रदर्शन पर उत्तराखंड लीग के अध्यक्ष मेजर जनरल एम.एल. असवाल, नैनीताल जिलाध्यक्ष लेफ्टिनेंट कर्नल बी.एस. रौतेला सहित उत्तराखंड के पूर्व सैनिकों और वीर नारियों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। पूर्व सैनिकों ने कहा कि कर्नल बिष्ट ने 70 वर्ष की उम्र में 10 किमी की दौड़ पूरी कर युवाओं के साथ-साथ हर उम्र के लोगों को फिटनेस और अनुशासन का संदेश दिया है।
सेखों इंडियन एयरफोर्स मैराथन का आयोजन भारतीय वायुसेना के एकमात्र परमवीर चक्र विजेता फ्लाइंग ऑफिसर निर्मलजीत सिंह सेखों की वीरता और सर्वोच्च बलिदान को श्रद्धांजलि देने के उद्देश्य से किया गया था।

