वॉशिंगटन/मॉस्को। यूक्रेन युद्ध को लेकर अमेरिका और रूस के बीच तनावपूर्ण माहौल और अधिक गर्मा गया है। पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच तीखी बयानबाजी ने अंतरराष्ट्रीय राजनीति में हलचल मचा दी है।
डोनाल्ड ट्रंप ने एक कड़े बयान में रूस को चेतावनी देते हुए कहा कि वह यूक्रेन युद्ध को रोकने के लिए “किसी भी हद तक” जाने को तैयार हैं। ट्रंप ने राष्ट्रपति पुतिन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा, “पुतिन आग से खेल रहे हैं। यदि रूस युद्ध जारी रखता है, तो इसके गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। मैं पुतिन को लंबे समय से जानता हूं, लेकिन अब वह मिसाइलें चला रहे हैं, लोगों को मार रहे हैं। मुझे समझ नहीं आता, उन्हें क्या हो गया है।”
ट्रंप के इन बयानों पर रूस की ओर से भी तीखी प्रतिक्रिया आई है। रूस की सुरक्षा परिषद के उपाध्यक्ष और पूर्व राष्ट्रपति दिमित्री मेदवेदेव ने ट्रंप के बयान को “खतरनाक” बताते हुए कहा, “ट्रंप ने कहा है कि रूस के साथ कुछ बुरा हो सकता है। मैं सिर्फ एक बुरी चीज जानता हूं — और वह है तीसरा विश्व युद्ध। उम्मीद करता हूं कि ट्रंप इसके मायने समझते होंगे।”
विश्लेषकों का मानना है कि यह बयानबाजी वैश्विक तनाव को और बढ़ा सकती है, खासकर ऐसे समय में जब यूक्रेन में जमीनी हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं और कूटनीतिक समाधान की संभावनाएं धुंधली पड़ रही हैं।