Uttarakhand: बड़ा हादसा टला…प्रेशर पाइप फटने से खाई में गिरी जीएमओयू की बस, 30 यात्रियों की बची जान

खबर शेयर करें

पौड़ी गढ़वाल। उत्तराखंड के पौड़ी जिले में बुधवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। कोटद्वार से पौड़ी-श्रीनगर जा रही गढ़वाल मोटर ओनर्स यूनियन (जीएमओयू) की हिमगिरी बस भदालीखाल के पास अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में जा गिरी। हादसे के समय बस में चालक समेत करीब 30 यात्री सवार थे।

गनीमत रही कि बस खाई में एक पेड़ से टकराकर रुक गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया। सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हादसे में एक-दो यात्रियों को हल्की चोटें आने की सूचना है।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड: धामी सरकार ने गन्ना किसानों को दी बड़ी सौगात, पेराई सत्र 2025–26 में गन्ने का भाव 30 रुपये बढ़ा

जानकारी के अनुसार, जीएमओयू की हिमगिरी बस बुधवार दोपहर करीब एक बजे कोटद्वार से पौड़ी-श्रीनगर के लिए रवाना हुई थी। बस को कोटद्वार निवासी अशोक ममगाईं चला रहे थे। दुगड्डा से आगे गुमखाल के बीच भदालीखाल के पास अचानक बस का प्रेशर पाइप फट गया। इसके चलते बस आगे नहीं बढ़ सकी।

सड़क पर पीछे की ओर ढलान होने के कारण बस अनियंत्रित होकर पीछे की तरफ खिसकने लगी और बाईं ओर स्थित खाई में जा गिरी। इसी दौरान बस एक पेड़ से टकराकर रुक गई। पेड़ से टकराने के कारण बस और नीचे जाने से बच गई, जिससे यात्रियों की जान पर मंडरा रहा बड़ा खतरा टल गया।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी में भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के कुमाऊं संयोजक का हुआ स्वागत

हादसे की सूचना मिलते ही दुगड्डा चौकी, गुमखाल चौकी और कोतवाली लैंसडौन से पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिसकर्मियों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर बस में सवार यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला।

यह भी पढ़ें 👉  मकर संक्रांति पर खुलेंगे आदिबदरी मंदिर के कपाट

अचानक बस के खाई में गिरने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, सभी यात्रियों के सुरक्षित बाहर निकलने से मौके पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, एक-दो यात्रियों को हल्की चोटें आई हैं। किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page