पौड़ी गढ़वाल। उत्तराखंड के पौड़ी जिले से शनिवार को एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। रिखणीखाल ब्लॉक में रिखणीखाल-सतपुली मोटर मार्ग पर कलवाड़ी गांव के पास एक यात्री वाहन अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। इस भीषण हादसे में वाहन चालक समेत आठ महिलाओं की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए। हादसे के बाद क्षेत्र में चीख-पुकार मच गई।
बैंक का काम निपटाकर गांव लौट रही थीं महिलाएं
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रिखणीखाल ब्लॉक के कोटनाली भंगलवाण की स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाएं बैंक संबंधी काम से सिद्धखाल गई थीं। बैंक का काम पूरा करने के बाद सभी महिलाएं वाहन से वापस अपने गांव लौट रही थीं। इसी दौरान कलवाड़ी गांव के समीप वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया।
चालक ने वाहन पर नियंत्रण पाने की कोशिश की, लेकिन वाहन सड़क से फिसलकर करीब 100 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरा। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि वाहन में सवार लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।

वाहन में सवार थे करीब 14 लोग, राहत-बचाव कार्य जारी
बताया जा रहा है कि दुर्घटनाग्रस्त वाहन में करीब 14 लोग सवार थे। हादसे में चालक समेत आठ महिलाओं की मौके पर ही मौत होने की जानकारी सामने आई है। वहीं, दुर्घटना में घायल लोगों को उपचार के लिए रिखणीखाल अस्पताल पहुंचाया गया है। गंभीर रूप से घायल लोगों की हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाने के उद्देश्य से हेली सेवा की मांग भी की गई है।
हादसे से क्षेत्र में शोक की लहर
इस दर्दनाक सड़क दुर्घटना की खबर मिलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। स्थानीय लोग और ग्रामीण राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए। एक साथ कई महिलाओं की मौत से क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है।

