Uttarakhand: वन तस्करों और SOG के बीच मुठभेड़…80 राउंड तक चली फायरिंग, सागौन से लदी तीन बाइक छोड़कर भागे तस्कर

खबर शेयर करें

बाजपुर (ऊधमसिंह नगर)। उत्तराखंड के जंगलों में सक्रिय लकड़ी तस्करों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब वे वन विभाग की टीम पर भी गोलियां बरसाने से नहीं चूक रहे हैं। बाजपुर की बरहनी रेंज में शुक्रवार देर रात वन तस्करों और वन विभाग की एसओजी टीम के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हो गई। बौर नदी के पास हुई इस मुठभेड़ में दोनों ओर से करीब 70 से 80 राउंड फायरिंग हुई। जवाबी कार्रवाई के बाद तस्कर सागौन की लकड़ी से लदी तीन बाइक मौके पर छोड़कर अंधेरे में जंगल की ओर भाग निकले।

जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार देर रात वन विभाग की एसओजी प्रभारी कैलाश चंद्र तिवारी के नेतृत्व में टीम बरहनी रेंज के जंगल में गश्त कर रही थी। इसी दौरान बौर नदी के समीप टीम का सामना लकड़ी तस्करों से हो गया। वन कर्मियों को देखते ही तस्करों ने फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से वन विभाग की टीम में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, वन कर्मियों ने मोर्चा संभालते हुए आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की।

तस्करों ने 45 तो वन कर्मियों ने चलाईं 35 राउंड गोलियां

बताया जा रहा है कि तस्करों ने वन विभाग की टीम पर करीब 40 से 45 राउंड फायरिंग की, जबकि वन कर्मियों ने जवाब में लगभग 30 से 35 राउंड गोलियां चलाईं। करीब 70 से 80 राउंड हुई फायरिंग के दौरान वन दरोगा धन सिंह अधिकारी बाल-बाल बच गए। राहत की बात यह रही कि इस मुठभेड़ में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

यह भी पढ़ें 👉  मौसम ने बदली करवट: यमुनोत्री धाम में बारिश और ओलावृष्टि, बदरीनाथ की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी

सागौन के गिल्टों से लदी तीन बाइक छोड़कर जंगल में हुए गायब

वन विभाग की जवाबी कार्रवाई से घिरता देख तस्करों ने अपनी तीन बाइक मौके पर ही छोड़ दीं। इन बाइकों पर सागौन की लकड़ी के गिल्टे लदे हुए थे। अंधेरे का फायदा उठाकर सभी तस्कर घने जंगल की ओर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग के उच्चाधिकारी रक्षक दल के साथ मौके पर पहुंचे और तीनों बाइक समेत लकड़ी को कब्जे में ले लिया।

यह भी पढ़ें 👉  Haldwani: UOU की 36वीं विद्यापरिषद की बैठक सम्पन्न, बीएड (ODL), नेपाली छात्रों के प्रवेश समेत 19 प्रस्तावों को मंजूरी

फरार तस्करों की तलाश में जुटा वन विभाग

मुठभेड़ के बाद वन विभाग ने जंगल में फरार तस्करों की तलाश तेज कर दी है। उनकी पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर खोजबीन की जा रही है। वन कर्मियों पर फायरिंग की इस घटना ने जंगलों में सक्रिय लकड़ी तस्करों के बढ़ते दुस्साहस को भी उजागर कर दिया है। फिलहाल वन विभाग की टीम मामले की जांच में जुटी है।

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page