एक स्थान पर तीन साल और गृह जिलों में तैनात कार्मिकों को किया गया इधर से उधर, परिवहन मुख्यालय ने भी जारी किए स्थानांतरण आदेश
देहरादून। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर शासन ने परिवहन विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत एक ही स्थान पर तीन वर्ष का कार्यकाल पूरा कर चुके और अपने गृह जिलों में तैनात कार्मिकों के तबादले किए गए हैं। शासन और परिवहन विभाग की ओर से जारी आदेशों के तहत तीन संभागीय परिवहन अधिकारी (आरटीओ), नौ सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) समेत कुल 75 कार्मिकों को नई तैनाती दी गई है।
शासन की ओर से जारी आदेश के अनुसार, अल्मोड़ा में तैनात अनिता चंद को सहायक परिवहन आयुक्त मुख्यालय बनाया गया है। उनके स्थान पर पौड़ी में आरटीओ के पद पर तैनात द्वारिका प्रसाद को अल्मोड़ा भेजा गया है। वहीं, अल्मोड़ा में तैनात नंद किशोर को संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन), पौड़ी के पद पर जिम्मेदारी सौंपी गई है।

नौ एआरटीओ को भी मिली नई तैनाती
तबादला सूची में नौ एआरटीओ के नाम शामिल हैं। मनीष तिवारी को काशीपुर, संदीप वर्मा को विकासनगर, विपिन कुमार सिंह को ऋषिकेश, रावत सिंह को हल्द्वानी और अशीत कुमार झा को टनकपुर भेजा गया है। इसी तरह मनोज बगोरिया को अल्मोड़ा, आशीष भटगाई को विकासनगर, धर्मेंद्र सिंह बिष्ट को कोटद्वार और निखिलेश ओझा को कर्णप्रयाग में तैनाती दी गई है।
परिवहन मुख्यालय से भी 63 कार्मिकों के तबादले
शासन स्तर पर अधिकारियों के स्थानांतरण के साथ ही परिवहन मुख्यालय ने भी विभागीय कार्मिकों के तबादले किए हैं। इनमें 33 परिवहन कर अधिकारी, नौ संभागीय निरीक्षक और 21 उप निरीक्षक शामिल हैं। इस तरह विधानसभा चुनाव से पहले परिवहन विभाग में व्यापक स्तर पर फेरबदल किया गया है। इसका उद्देश्य चुनावी प्रक्रिया के दौरान प्रशासनिक निष्पक्षता बनाए रखने के साथ लंबे समय से एक ही स्थान पर तैनात कार्मिकों को हटाना है।

