रुद्रपुर के रेशमबाड़ी में मामूली विवाद ने लिया था खूनी रूप, पुलिस की गोली से घायल हुआ शिवम उर्फ बर्गर, तीन आरोपी अब भी फरार
रुद्रपुर (ऊधमसिंह नगर)। बाइक की चाबी निकालने को लेकर हुआ मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि युवक से कहासुनी के बाद हमलावरों ने उसका पीछा किया और घर में घुसकर परिवार पर चाकुओं से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे सिक्योरिटी गार्ड लीलाधर की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज हत्याकांड में पुलिस ने शनिवार को तीसरे आरोपी को भी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी है।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी की पहचान शिवम चंद्रा उर्फ बर्गर के रूप में हुई है। रिंग रोड से सरदार के झाले की ओर जाने वाले मार्ग पर उसकी मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी की थी। गिरफ्तारी के प्रयास के दौरान मुठभेड़ हो गई। गोली लगने से घायल शिवम को पुलिस ने जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया है। उसके कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा, एक खोखा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ है।
बाइक की चाबी को लेकर शुरू हुई थी कहासुनी
एसपी मणिकांत मिश्रा के अनुसार, गुरुवार रात फैक्ट्री में ड्यूटी पूरी कर घर पहुंचे लीलाधर के भांजे अनुज का दूधिया नगर निवासी विनोद कश्यप से बाइक की चाबी निकालने को लेकर विवाद हो गया था। कहासुनी के बाद विनोद अपने साथियों के साथ अनुज का पीछा करते हुए रेशमबाड़ी स्थित उसके घर पहुंच गया।
आरोप है कि हमलावर जबरन घर में घुस आए और परिवार के सदस्यों पर चाकू से हमला कर दिया। इस दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे सिक्योरिटी गार्ड लीलाधर पर भी चाकू से कई वार किए गए। गंभीर रूप से घायल लीलाधर ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। हमले में अनुज, राहुल और राम अवतार भी घायल हुए थे।
छह आरोपियों के खिलाफ मुकदमा, तीन गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में विनोद कश्यप, सुभाष राठौर, प्रिंस ठाकुर उर्फ पंछी, शिवम चंद्रा, प्रियांशु कश्यप और अरुण ठाकुर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी। इससे पहले पुलिस ने बगवाड़ा मंडी के पास से सुभाष राठौर और विनोद कश्यप को गिरफ्तार किया था। शनिवार को शिवम की गिरफ्तारी के साथ अब तक तीन आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं।
एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने बताया कि हत्याकांड में फरार अन्य तीन आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।


