ओके होटल तिराहा से नैनीताल बैंक तिराहे तक बदला रहेगा यातायात, रोडवेज बसों और छोटे वाहनों के लिए जारी हुआ रूट प्लान
हल्द्वानी। शहर में 23 अक्टूबर को श्रीराम राज्याभिषेक शोभायात्रा के आयोजन को देखते हुए पुलिस ने यातायात और डायवर्जन प्लान जारी किया है। यह प्लान दोपहर एक बजे से शोभायात्रा समाप्त होने तक प्रभावी रहेगा। शोभायात्रा के दौरान ओके होटल तिराहे से नैनीताल बैंक तिराहे तक सड़क के दाहिने हिस्से (रॉन्ग साइड) से निकाली जाएगी। शोभायात्रा के अलग-अलग मार्गों से गुजरने के दौरान रोडवेज, इंटरसिटी, सिडकुल बसों और छोटे वाहनों के रूट में बदलाव किया जाएगा।
रोडवेज और अन्य बसों के लिए डायवर्जन
रामपुर रोड से आने वाली बसें: शोभायात्रा के ओके होटल तिराहे से नैनीताल बैंक तिराहे और सिंधी चौराहे से ओके होटल तिराहे के बीच रहने पर बसें टीपी नगर तिराहे से डायवर्ट होकर होंडा शोरूम तिराहा, तीनपानी फ्लाईओवर, गोला बाईपास, नारीमन तिराहा काठगोदाम, तिकोनिया चौराहा और वर्कशॉप लाइन होते हुए रोडवेज पहुंचेंगी। वैकल्पिक रूप से बसों को एफटीआई तिराहे से वापस किया जा सकता है।
बरेली रोड से आने वाली बसें: तीनपानी फ्लाईओवर से गोला बाईपास, नारीमन तिराहा काठगोदाम, तिकोनिया चौराहा और वर्कशॉप लाइन होते हुए रोडवेज पहुंचेंगी। वैकल्पिक व्यवस्था के तहत बसों को होंडा शोरूम तिराहे से वापस किया जाएगा।
कालाढूंगी रोड से आने वाली बसें: लालडांठ तिराहे से डायवर्ट होकर पंचक्की तिराहा, हाइडिल और तिकोनिया चौराहा होते हुए वर्कशॉप लाइन से रोडवेज पहुंचेंगी। वैकल्पिक रूप से बसों को लालडांठ तिराहे से वापस किया जाएगा।
शोभायात्रा के प्रेम टॉकीज से केमू स्टेशन के बीच रहने पर रोडवेज स्टेशन से बरेली रोड, रामपुर रोड, कालाढूंगी रोड और नैनीताल रोड की ओर जाने वाली रोडवेज व सिटी बसें पश्चिमी गेट से निकलकर अपने गंतव्य को जाएंगी।
वहीं, शोभायात्रा के ओके होटल से एसडीएम कोर्ट तिराहे के बीच रहने पर रामपुर रोड, बरेली रोड और पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाली रोडवेज व केमू की बसें पूर्वी गेट से निकलकर ताज चौराहा और गोला पुल होते हुए अपने गंतव्य को जाएंगी।
छोटे वाहनों के लिए बदले रहेंगे रास्ते
बरेली रोड से पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले वाहन: तीनपानी फ्लाईओवर से गोला पार रोड होते हुए नारीमन तिराहा काठगोदाम से अपने गंतव्य को जाएंगे। अन्य वाहनों को शोभायात्रा के ओके होटल से एसडीएम कोर्ट तिराहे और सिंधी चौराहे से ओके होटल के बीच रहने पर गांधी इंटर कॉलेज तिराहे से डायवर्ट कर एफटीआई तिराहा, आईटीआई तिराहा, कैंसर अस्पताल तिराहा और मुखानी चौराहे से निकाला जाएगा।
रामपुर रोड से पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले वाहन: गन्ना सेंटर या शीतल होटल तिराहे से डायवर्ट होकर तीनपानी फ्लाईओवर, गोला पार रोड और नारीमन तिराहा होते हुए जाएंगे। हल्द्वानी शहर की ओर आने वाले वाहनों को संबंधित अवधि में आईटीआई तिराहे से डायवर्ट कर कैंसर अस्पताल तिराहा और मुखानी चौराहे से निकाला जाएगा।
कालाढूंगी रोड से पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले वाहन: ऊंचापुल चौराहे या लालडांठ तिराहे से डायवर्ट होकर पंचक्की चौराहा, हाइडिल तिराहा और कॉलटैक्स तिराहा होते हुए नारीमन तिराहे की ओर जाएंगे। शहर की ओर आने वाले वाहनों को शोभायात्रा के निर्धारित मार्ग पर रहने के दौरान मुखानी चौराहे से डायवर्ट किया जाएगा।
पर्वतीय क्षेत्रों से बरेली और रामपुर रोड की ओर जाने वाले वाहन: नारीमन तिराहा काठगोदाम से गोला पार रोड होते हुए अपने गंतव्य को जाएंगे। कालाढूंगी रोड की ओर जाने वाले वाहनों को कॉलटैक्स या हाइडिल तिराहे से डायवर्ट कर पंचक्की चौराहा, चंबल पुल, चौफला चौराहा और ऊंचापुल चौराहे से निकाला जाएगा।
नैनीताल रोड से शहर में आने वाले वाहनों का रूट
नैनीताल रोड काठगोदाम से हल्द्वानी शहर की ओर आने वाले वाहनों को शोभायात्रा के ओके होटल से एसडीएम कोर्ट तिराहे के बीच रहने पर महारानी होटल तिराहे से डायवर्ट कर कुल्यालपुरा चौराहे और पानी की टंकी की ओर से निकाला जाएगा।
वहीं, शोभायात्रा के प्रेम टॉकीज तिराहे से केमू स्टेशन तिराहा, ताज चौराहा होते हुए सिंधी चौराहे के बीच रहने पर वाहनों को तिकोनिया चौराहे से नैनीताल बैंक तिराहा और अर्बन बैंक तिराहे की ओर से भेजा जाएगा।
ताज चौराहे की ओर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित
शोभायात्रा के एसडीएम कोर्ट तिराहे से भारद्वाज तिराहा, ताज चौराहा होते हुए सिंधी चौराहे के बीच रहने पर कई मार्गों पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।
- तिकोनिया चौराहे से वर्कशॉप लाइन होते हुए ताज चौराहे की ओर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
- गोला पुल से ताज चौराहे की ओर वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी।
- सिंधी चौराहे से मीरा मार्ग होते हुए ताज चौराहे की ओर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
- ओके होटल तिराहे से पटेल चौक की ओर वाहनों को जाने की अनुमति नहीं होगी।
पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि 23 अक्टूबर को यात्रा पर निकलने से पहले निर्धारित डायवर्जन का ध्यान रखें और शोभायात्रा के दौरान यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करें। इससे शहर में यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने में मदद मिलेगी।

