Haldwani: यूजीसी के नए नियमों और जातिगत आरक्षण के विरोध में बैठक 22 अक्टूबर को, एससी-एसटी एक्ट पर भी होगी चर्चा

खबर शेयर करें

हल्द्वानी। यूजीसी के नए नियमों, शिक्षा एवं सरकारी सेवाओं में जाति आधारित आरक्षण और अनुसूचित जाति-जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम को लेकर गुरुवार 22 अक्टूबर को हल्द्वानी में बैठक आयोजित की जाएगी। हीरानगर स्थित लगन गार्डन में दोपहर 3:30 बजे होने वाली बैठक में इन नियमों और व्यवस्थाओं को समाप्त करने की मांग के साथ शिक्षा, रोजगार, समान अवसर और न्याय व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।

बैठक के आयोजक प्रकाश हर्बोला ने बताया कि इसमें सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों, प्रबुद्ध नागरिकों, विद्यार्थियों और युवाओं को आमंत्रित किया गया है। बैठक में उच्च शिक्षण संस्थानों में लागू यूजीसी के नए नियमों को वापस लेने, शिक्षा एवं सरकारी नौकरियों में जातिगत आरक्षण समाप्त करने और एससी-एसटी एक्ट को समाप्त करने की मांग पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

यह भी पढ़ें 👉  राशिफल 24 सितम्बर 2025

उन्होंने कहा कि शिक्षा और रोजगार में युवाओं को समान अवसर उपलब्ध कराने के साथ आर्थिक एवं शैक्षणिक रूप से वंचित लोगों की सहायता, छात्रवृत्ति और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा जैसे विकल्पों पर भी चर्चा की जाएगी। इसके अलावा संस्थानों में शिकायतों के निष्पक्ष निस्तारण, पारदर्शिता और जवाबदेही से जुड़े विषय भी उठाए जाएंगे।

यह भी पढ़ें 👉  हाईस्कूल व इंटर बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियां पूरी, 21 फरवरी से होंगे एग्जाम

निष्पक्ष जांच और न्याय व्यवस्था पर भी रखेंगे विचार

लक्ष्मण सिंह लमगड़िया ने कहा कि कानूनी व्यवस्था में वास्तविक पीड़ितों को सुरक्षा और न्याय मिलना चाहिए तथा किसी निर्दोष व्यक्ति के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए। उन्होंने संबंधित कानूनों में बदलाव और उन्हें समाप्त करने की मांग पर संवैधानिक दायरे में चर्चा करने की बात कही। साथ ही सभी वर्गों के लोगों की बात सुनने और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने पर जोर दिया।

हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के पूर्व उपाध्यक्ष पूरन सिंह रावत ने कहा कि संविधान सभी नागरिकों को समान अधिकार देता है। उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक लाभ के लिए किए गए संशोधनों से जाति और धर्म के आधार पर विभाजन बढ़ा है। उन्होंने यूजीसी के संबंधित प्रावधानों पर सवाल उठाते हुए नियमों को वापस लेने की मांग की।

यह भी पढ़ें 👉  Haldwani: जनपद स्तरीय तैराकी प्रतियोगिता में कौस्तुभ भट्ट ने जीता गोल्ड मेडल

आयोजकों के अनुसार, बैठक का उद्देश्य संबंधित कानूनों और नीतियों पर शांतिपूर्ण एवं संवैधानिक तरीके से चर्चा करना है। इसमें आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा भी तय की जाएगी।

बैठक में पूरन सिंह रावत, भगवान चंद्र पंत, सत्येंद्र तोमर, योगेंद्र बिष्ट और भुवन चंद्र भट्ट सहित अन्य लोगों के शामिल होने की जानकारी दी गई है।

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page