Uttarakhand: देवप्रयाग हादसा…चार शवों की हुई पहचान, गंगा से निकाली गई इनोवा, तीन महिलाएं अब भी लापता

खबर शेयर करें

नई टिहरी। ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर देवप्रयाग के पास मंगलवार को हुए भीषण सड़क हादसे में बरामद चारों शवों की पहचान कर ली गई है। वहीं, गंगा नदी में समाई दुर्घटनाग्रस्त इनोवा कार को बुधवार को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाल लिया गया, लेकिन वाहन के भीतर कोई शव नहीं मिला। इसके बाद पुलिस, एसडीआरएफ और गोताखोरों ने लापता तीन महिलाओं की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन और तेज कर दिया है।

देवप्रयाग कोतवाल प्रशांत बहुगुणा ने बताया कि परिजनों द्वारा मृतकों की पहचान डॉ. दिनेश पंवार (27) पुत्र लोडा राम, कमला देवी (62) पत्नी लोडा राम और अश्लेषा (22) पुत्री हरीश परिहार, निवासी दरियानाथ की बावड़ी, जैसलमेर (राजस्थान) के रूप में की गई है। चौथे मृतक की पहचान वाहन चालक अमित गुप्ता (32) पुत्र अजय गुप्ता, निवासी लक्सर, हरिद्वार के रूप में हुई है।

यह भी पढ़ें 👉  कैंचीधाम मेला: 15 पार्किंग, 500 से अधिक शटल वाहन तैयार, रंगबिरंगी सेवा से पहुंचेंगे श्रद्धालु

पुलिस ने सभी मृतकों के शवों का श्रीनगर बेस अस्पताल में पोस्टमार्टम कराने के बाद उन्हें परिजनों के सुपुर्द कर दिया। हादसे के बाद राजस्थान से पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी: मजाक बना खून-खराबे की वजह...‘मोटी’ कहने पर भड़की पड़ोसन, चाकू घोंपकर उतारा गुस्सा

बुधवार को एसडीआरएफ, पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीमों ने क्रेन की मदद से गंगा की तेज धारा में डूबी इनोवा कार को बाहर निकाला। हालांकि वाहन के भीतर किसी भी व्यक्ति का शव नहीं मिला। इसके बाद रेस्क्यू टीमों ने दुर्घटनास्थल के आसपास गंगा में डीप डाइविंग अभियान शुरू कर दिया।

पुलिस के अनुसार हादसे में 12 वर्षीय आयुष्मान चमत्कारिक रूप से बच गया था और उसका उपचार अस्पताल में चल रहा है। वहीं कार में सवार गुड्डी देवी, जाह्नवी और नम्रता अब भी लापता हैं। उनकी तलाश में जल पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की टीमें राफ्ट और विशेष उपकरणों की मदद से गंगा के विभिन्न हिस्सों में लगातार खोज अभियान चला रही हैं।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड: आईएएस धीराज गर्ब्याल की पोस्ट वायरल, नौकरशाही में हलचल

गौरतलब है कि मंगलवार सुबह चारधाम यात्रा से लौट रहा वाहन देवप्रयाग के निकट अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में गिरते हुए गंगा नदी में समा गया था। हादसे के बाद से ही राहत एवं बचाव अभियान लगातार जारी है। प्रशासन को उम्मीद है कि सर्च ऑपरेशन के दौरान लापता महिलाओं का जल्द पता लगाया जा सकेगा।

ADVERTISEMENTS Ad

You cannot copy content of this page