Haldwani: पशुपालकों के लिए बड़ी खुशखबरी…फरवरी से 3 रुपये प्रति लीटर महंगा होगा दूध का खरीद मूल्य, 295.52 करोड़ का बजट पारित

खबर शेयर करें

हल्द्वानी। नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लालकुआं के 77वें वार्षिक सामान्य निकाय अधिवेशन में पशुपालकों के हित में कई बड़े फैसले लिए गए। अधिवेशन में 295 करोड़ 52 लाख रुपये का बजट पारित किया गया। वहीं दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा ने आगामी फरवरी माह से दूध खरीद मूल्य में 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी करने की घोषणा कर दुग्ध उत्पादकों को बड़ी सौगात दी। इस फैसले से संघ से जुड़े करीब 34 हजार दुग्ध उत्पादक परिवारों को लाभ मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा उत्कृष्ट कार्य करने वाले दुग्ध उत्पादकों, समिति सचिवों और दुग्ध विक्रेताओं को कुल 6 लाख 50 हजार 850 रुपये की पुरस्कार राशि चेक के माध्यम से वितरित की गई।

शनिवार को हल्द्वानी के पीलीकोठी स्थित संकल्प बैंक्वेट हॉल में आयोजित अधिवेशन का शुभारंभ नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद दिनेश आर्य ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अध्यक्ष मुकेश बोरा ने की। इस दौरान कालाढूंगी विधायक बंशीधर भगत, महापौर गजराज सिंह बिष्ट, प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह बिष्ट, राज्यमंत्री रेनू अधिकारी, राज्यमंत्री मोहन पाठक, पूर्व विधायक नवीन दुमका, प्रदेश महामंत्री दीपेंद्र कोश्यारी, दुग्ध विकास विभाग उत्तराखंड के निबंधक एवं निदेशक बीएस चलाल, उपनिदेशक संजय उपाध्याय, देहरादून दुग्ध संघ अध्यक्ष ठाकुर भूमि सिंह, यूसीडीएफ सामान्य प्रबंधक आरएम तिवारी, उप सामान्य प्रबंधक पीएंडआई पीएस नागपाल और प्रबंधक पीएस नगरकोटी सहित अनेक जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। अधिवेशन में दुग्ध संघ से जुड़ी 710 दुग्ध समितियों के प्रतिनिधियों और करीब 34 हजार दुग्ध उत्पादक परिवारों की भागीदारी रही।

ADVERTISEMENTS
यह भी पढ़ें 👉  Uttarakhand: भारतीय सेना के ईवी राइडर्स ने दुर्गम हिमालय में तय किया सफर, माणा में वीर शहीदों को दी श्रद्धांजलि
Ad

फरवरी से दूध खरीद मूल्य में 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी

अधिवेशन में पशुपालकों के लिए सबसे बड़ी घोषणा दूध खरीद मूल्य में वृद्धि को लेकर हुई। अध्यक्ष मुकेश बोरा ने दुग्ध विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा के दिशा-निर्देशों का उल्लेख करते हुए घोषणा की कि आगामी फरवरी माह से दूध खरीद मूल्य में 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की जाएगी।

उन्होंने कहा कि दुग्ध संघ का उद्देश्य पशुपालकों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के साथ दुग्ध व्यवसाय को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना है। संघ से जुड़े 34 हजार दुग्ध उत्पादक परिवारों का हित सर्वोपरि है। पशुपालकों को बेहतर लाभ दिलाना और उनके विश्वास को बनाए रखना संस्था की प्राथमिकता है।

295 करोड़ 52 लाख का बजट पारित

77वें वार्षिक सामान्य निकाय अधिवेशन में 295 करोड़ 52 लाख रुपये का बजट पारित किया गया। अधिवेशन में दुग्ध संघ की गतिविधियों, सहकारी समितियों की मजबूती और दुग्ध उत्पादकों के हितों से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई। 710 दुग्ध समितियों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी ने अधिवेशन को विशेष महत्व दिया।

यह भी पढ़ें 👉  Nainital: धारी, ओखलकांडा और रामगढ़ ब्लॉक के सभी स्कूल 19 से 21 जनवरी तक रहेंगे बंद, DM ने जारी किया आदेश

उत्कृष्ट दुग्ध उत्पादकों पर बरसी पुरस्कारों की सौगात

अधिवेशन में उत्कृष्ट कार्य करने वाले दुग्ध उत्पादकों को प्रोत्साहित करने के लिए विशेष सम्मान समारोह आयोजित किया गया। मैदानी क्षेत्र महिला वर्ग में प्रभपाल सिंह को प्रथम पुरस्कार के रूप में 31 हजार रुपये, हिमानी बिष्ट को 25 हजार, पुष्पा बिष्ट को 21 हजार और दीपा बिष्ट को 17 हजार रुपये प्रदान किए गए।

पर्वतीय क्षेत्र महिला वर्ग में कमला देवी को 25 हजार, गंगा देवी को 21 हजार और पुष्पा जोशी को 17 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी गई। पुरुष वर्ग के मैदानी क्षेत्र में कृपाल सिंह को 25 हजार, जगपाल सिंह को 21 हजार और स्नेहपाल सिंह को 17 हजार रुपये प्रदान किए गए। वहीं पर्वतीय क्षेत्र में चिंतामणि को 25 हजार, श्याम नारायण को 21 हजार तथा कृपाल सिंह को 17 हजार रुपये देकर सम्मानित किया गया।

इसके अलावा आठ विकासखंडों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले दुग्ध उत्पादकों को भी पुरस्कृत किया गया। बिंदुखत्ता क्षेत्र के नौ पुरुष और नौ महिला दुग्ध उत्पादकों सहित कुल 31 उत्पादकों को 3 लाख 74 हजार 850 रुपये के चेक वितरित किए गए। वहीं मैदानी एवं पर्वतीय क्षेत्रों के 10 सचिवों और 15 दुग्ध विक्रेताओं को 2 लाख 76 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। संस्था में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अनुभागाध्यक्षों और कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया।

यह भी पढ़ें 👉  Haldwani: नैनीताल डीएम का सख्त एक्शन...बनभूलपुरा के पांच लोगों के शस्त्र लाइसेंस निरस्त

हल्द्वानी में जल्द खुलेगा आंचल मिल्क पार्लर

राज्यसभा सांसद दिनेश आर्य ने दुग्ध संघ की कार्यप्रणाली और अध्यक्ष मुकेश बोरा के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि सहकारी संस्थाओं की मजबूती ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने में अहम भूमिका निभाती है। उन्होंने दुग्ध उत्पादकों के हित में किए जा रहे प्रयासों को महत्वपूर्ण बताया।

वहीं महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने हल्द्वानी नगर निगम क्षेत्र में शीघ्र आंचल मिल्क पार्लर खोलने का आश्वासन दिया। इससे शहरवासियों को गुणवत्तापूर्ण आंचल दुग्ध एवं अन्य दुग्ध उत्पाद उपलब्ध हो सकेंगे।

संजय सिंह भाकुनी को भी किया सम्मानित

कार्यक्रम का संचालन प्रशासन प्रभारी संजय सिंह भाकुनी ने किया। अधिवेशन के सफल आयोजन और प्रशासनिक कार्यों में उनके योगदान की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर संचालक मंडल सदस्य गोविंद सिंह मेहता, कृष्ण कुमार शर्मा, आनंद सिंह नेगी, पुष्पा देवी, खष्टी देवी, दीपा देवी, हेमा देवी, दीपा देवी रैक्वाल एवं थान सिंह बिष्ट सहित दुग्ध संघ के सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा, वित्त प्रभारी उमेश पठालनी, पीएंडआई प्रभारी सुभाष बाबू, सुरेश चंद्र, खलील अहमद समेत अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page